OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: आजमगढ़ | उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानों के ‘बाहुबली’ माने जाने वाले कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर एक बार फिर अपने सबसे रौद्र और खूंखार अवतार में आ गए हैं. अतरौलिया में मीडिया से बात करते हुए राजभर ने समाजवादी पार्टी (SP), कांग्रेस और अखिलेश यादव पर ऐसे-ऐसे सियासी बम फोड़े हैं, जिनकी गूंज लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सुनाई दे रही है. अखिलेश यादव को ‘अगले जन्म’ में मुख्यमंत्री बनने की सलाह देने से लेकर राजभर ने सपा सांसद को 10 साल के लिए जेल भेजने तक की बात कह डाली है.
‘अखिलेश यादव अगले जन्म में की तैयारी करें’
विपक्ष के इस आरोप पर कि बीजेपी अपने सहयोगियों को कमजोर करती है, राजभर ने तगड़ा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि बीजेपी पार्टियां कमजोर नहीं करती, बल्कि नेता बनाती है. राजभर ने याद दिलाया कि बीजेपी के सहयोग से ही कभी मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री बने थे. अनुप्रिया पटेल और संजय निषाद से लेकर खुद उन्हें भी बीजेपी ने बड़ा नेता बनाया है.
इसके बाद राजभर ने अखिलेश यादव की दुखती रग पर हाथ रखते हुए तंज कसा और कहा कि अखिलेश यादव दूसरों की चिंता छोड़कर अपना चिट्ठा संभालें. इस जन्म में उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनना है, वे अब सीधे अगले जन्म की तैयारी करें. राजभर ने सपा के PDA फॉर्मूले को भी धोखा बताते हुए कहा कि अखिलेश ने अपने 5 साल के राज में नाई, गोंड, प्रजापति और राजभर समाज को सिर्फ ठगा है.
‘काली गाड़ी’ में सीक्रेट मीटिंग? (OP Rajbhar Controversy)
सपा नेताओं द्वारा सुभासपा में ‘टिकट बेचने’ और रात के अंधेरे में ‘काली गाड़ी’ में अखिलेश यादव से गुप्त मुलाकात के दावों पर राजभर बुरी तरह भड़क गए. उन्होंने ऐसे दावे करने वालों को सरेआम “अनपढ़ और जाहिल” करार दिया. राजभर ने सीना ठोककर कहा कि हमारी पार्टी के पास कोई काली गाड़ी है ही नहीं, तो मुलाकात कैसे हुई? अगर कोई एक भी व्यक्ति लाकर खड़ा कर दे कि हमने पैसे लिए हैं, तो मैं उसी दिन राजनीति हमेशा के लिए छोड़ दूंगा.
सांसद राजीव राय को धमकी
राजभर का सबसे खतरनाक प्रहार घोसी से सपा सांसद राजीव राय पर था. राजीव राय द्वारा राजभर की ‘मंत्रीगिरी निकाल देने’ की धमकी का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वह पहले अपनी जमानत बचाएं. कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट जारी कर दिया है और उन्हें 10 साल की सजा होने जा रही है.” राजभर ने आरोप लगाया कि राजीव राय ने रात के अंधेरे में दर्जनों यादवों की जमीन पर अवैध कब्जा किया है.
ये भी पढ़ें: कौन करना चाहता है तेज प्रताप और लालू यादव की हत्या? तेजू भैया ने FIR में बताया नाम
‘दगे हुए कारतूस’ हैं सपा-कांग्रेस (OP Rajbhar On SP Congress)
अगामी उपचुनावों पर राजभर ने साफ किया कि 10 सीटों के बंटवारे का फैसला गृहमंत्री अमित शाह करेंगे और जिसे चाहेंगे उसे मैदान में उतारा जाएगा. अपने बयान का अंत करते हुए राजभर ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन को ‘दो दगे हुए कारतूसों का मिलन’ बताया, जो 2017 में भी बुरी तरह फ्लॉप हुए थे. राजभर की भविष्यवाणी है कि इस बार यूपी से समाजवादी पार्टी का पूरी तरह सफाया हो जाएगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


