Power of Social Media: सोशल मीडिया, जिसे अक्सर मनोरंजन का साधन माना जाता है. रील का नाम हमेशा तंज कसने के लिए लिया जाता है. हालांकि, अगर इसका सही से उपयोग किया जाए तो ये बड़े काम आ सकती है. कुछ ऐसा ही मामले सामने आया है उत्तर प्रदेश से जहां एक महिला ने अपने 7 साल से लापता पति को इंस्टाग्राम रील के जरिए खोज निकाला. इतनी ही नहीं उसे एक दूसरी महिला के साथ देखकर पकड़वा दिया.
मामला उत्तर प्रदेश के हरदोई का है. जब महिला ने रील (Social Media Reel) में अपने लापता पति को दूसरी औरत के साथ देखा तो उसने पुलिस में शिकायत की, और अब पुलिस ने पति को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया है. पति पर पहली पत्नी को छोड़कर धोखे से दूसरी शादी करने का आरोप है.
क्या है पूरा मामला?
हरदोई के आटामऊ गांव के जितेंद्र उर्फ बबलू की शादी 2017 में शीलू से हुई थी. शीलू के मुताबिक, शादी के बाद जितेंद्र और उसके परिवार ने दहेज के लिए उसे परेशान करना शुरू किया. सोने की चेन और अंगूठी न देने पर उसे 2017 में घर से निकाल दिया गया. 2018 में, जब शीलू गर्भवती थी, जितेंद्र अचानक गायब हो गया.
लुधियाना में रचाई दूसरी शादी
सात साल तक शीलू ने अपने पति के लौटने की उम्मीद छोड़ दी थी. लेकिन हाल ही में, जब वह इंस्टाग्राम पर रील्स देख रही थी, तो एक वीडियो में उसे जितेंद्र दिखाई दिया. वह किसी दूसरी महिला के साथ रील बना रहा था. शीलू ने कई लोगों से इसकी पुष्टि की और पाया कि जितेंद्र ने लुधियाना में दूसरी शादी कर ली है और वहां नई जिंदगी जी रहा है.
ये भी पढ़ें: रीवा का अमृत सरोवर चोरी! क्या इंसान ने किया ये कारनामा या फिर कोई और ही है वजह?
पुलिस ने किया गिरफ्तार
शीलू ने संडीला थाने में जितेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी और दूसरी शादी करने की शिकायत दर्ज की. पुलिस ने जांच शुरू की और रील में दिखने वाला शख्स जितेंद्र ही निकला. पुलिस ने लुधियाना में छापा मारकर जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने दूसरी शादी करने की बात कबूल की.
पत्नी ने कहा- मुझे धोखा दिया
शीलू ने बताया, ‘मैं और मेरा बेटा सात साल से मुश्किलों में जी रहे थे. जितेंद्र ने मुझे धोखा दिया और उसके परिवार ने मुझ पर झूठा इल्जाम लगाया. जब मैंने उसे रील में देखा, तो मुझे बहुत गुस्सा आया. मैं अब उसके और ससुराल वालों के खिलाफ इंसाफ चाहती हूं.’
यह घटना साबित करती है कि सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह न्याय दिलाने का एक अप्रत्याशित माध्यम (Power of Social Media) भी बन सकता है. शीलू की कहानी, जिसने सालों तक मुश्किलों का सामना किया और आखिरकार इंस्टाग्राम की मदद से अपने पति को ढूंढ निकाला, यह दिखाती है कि धैर्य और दृढ़ता से सच सामने आ सकता है. जितेंद्र की गिरफ्तारी यह संदेश देती है कि कानून से कोई भी बच नहीं सकता और धोखाधड़ी करने वालों को अपने कर्मों का फल भुगतना ही पड़ता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




