Prayagraj Metro Project: प्रयागराज में मेट्रो चलने का रास्ता साफ हो गया है.उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) और प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने इसका ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है. प्रयागराज मेट्रो 12 हजार करोड़ का प्रोजेक्ट होगा. इसमें 60 KM लंबे नेटवर्क में 45 स्टेशन बनेंगे. प्रयागराज मेट्रो रेल परियोजना में पहले लाइट मेट्रो चलाने का प्लान था, लेकिन अब पारंपरिक मेट्रो चलाई जाएगी. स्टेशनों की संख्या भी 45 करने से मेट्रो बजट 5500 करोड़ से बढ़कर 12 हजार करोड़ पहुंच गया है.
राइट्स एजेंसी ने संशोधित डीपीआर सौंप यूपी सरकार को सौंप दी है. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन और प्रयागराज विकास प्राधिकरण मेट्रो डिपो के लिए नैनी में जमीन की पहचान में जुटे हैं.कुछ स्टेशनों पर रक्षा भूमि के कारण रक्षा मंत्रालय से एनओसी ली जाएगी. डीपीआर को यूपी कैबिनेट और केंद्र की मंजूरी मिलना बाकी है.
प्रयागराज में दो बड़े मेट्रो कॉरिडोर
प्रयागराज मेट्रो नेटवर्क पूरे शहर को दो कॉरिडोर में बांटेगी. पहले कॉरिडोर में (ईस्ट-वेस्ट लाइन) में बमरौली एयरपोर्ट से झूंसी सिटी लेक फारेस्ट तक मेट्रो चलेगी. 39 किमी की लंबाई में 26 स्टेशन होंगे. यह रूट सीधे प्रयागराज हवाई अड्डे को मेन सिटी और गंगा पार के पूर्वी इलाके झूंसी से जोड़ेगा. प्रयागराज एयरपोर्ट, बमरौली, शमीन मार्केट, ट्रांसपोर्ट नगर, सूबेदारगंज, प्रयागराज जंक्शन, सिविल लाइंस बस अड्डा, मेडिकल कॉलेज चौराहा, संगम तट, आजाद नगर, झूंसी, त्रिवेणीपुरम और सिटी लेक फॉरेस्ट इसके स्टेशन होंगे.
मेट्रो कॉरिडोर 2 : फाफामऊ से नैनी
प्रयागराज मेट्रो के नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर की 21 किमी लंबाई में 19 स्टेशन होंगे. यह मेट्रो लाइन गंगा के उत्तरी छोर फाफामऊ को यमुना पार के नैनी और छिवकी रेलवे स्टेशन से कनेक्ट करेगी. शांतिपुरम, गंगा नगर, MNNIT, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, कर्नलगंज, परेड ग्राउंड, मिंटो पार्क, नैनी बाजार रोड, नैनी और छिवकी रेलवे स्टेशन होंगे.
संगम तट पर रोपवे प्रोजेक्ट
इस मेट्रो प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत त्रिवेणी संगम तक मेट्रो स्टेशन से यात्री रोपवे है. परेड ग्राउंड मेट्रो नेटवर्क का मेन इंटरचेंज स्टेशन बनाया जा रहा है. परेड ग्राउंड पर दिल्ली के राजीव चौक जैसा मेट्रो विशाल हब बनेगा, जहां यात्री मेट्रो से सीधे रोपवे में बैठकर कुछ मिनटों में संगम तट तक पहुंचेंगे.
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव में बीजेपी का मेगा प्लान! MLC चेहरों को सीधे चुनाव लड़ाने की तैयारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


