Bharat Express DD Free Dish

पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर की त्रिशताब्दी जयंती समारोह का आयोजन वाराणसी में करेगा राष्ट्रीय महिला आयोग

राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा वाराणसी में पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर की त्रिशताब्दी जयंती पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें व्याख्यान, प्रदर्शनी, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे.

Ahilyabai Holkar

राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर की त्रिशताब्दी (300वीं) जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी में दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. अहिल्यादेवी होलकर, होलकर वंश की एक प्रतिष्ठित शासिका रही हैं, जिन्हें उनके दूरदर्शी नेतृत्व, समाज कल्याण के प्रति समर्पण और महिला सशक्तिकरण के कार्यों के लिए स्मरण किया जाता है.

31 मई 2025 को यह समारोह “रुद्राक्ष – अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र, वाराणसी” में आयोजित होगा. कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राष्ट्रीय महिला आयोग की माननीय अध्यक्षा श्रीमती विजय राहतकर होंगी, जो पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर के प्रेरणादायक जीवन और योगदान पर प्रकाश डालेंगी. कार्यक्रम में प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास भी विशेष संबोधन देंगे.

प्रेरणादायी नेतृत्व की प्रतीक: अहिल्यादेवी होलकर

इस अवसर पर अहिल्यादेवी होलकर के जीवन और विरासत पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा. इस प्रदर्शनी में स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय (JRDU) और वाराणसी के लगभग 20 विद्यालयों द्वारा तैयार किए गए विशेष प्रदर्शन शामिल होंगे.

30 मई 2025 को समारोह की शुरुआत महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय, वाराणसी में श्रीमती विजय राहतकर के विशेष व्याख्यान से होगी. इसके बाद शुभम लॉन एंड बैंक्वेट, महमूरगंज में पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. दोपहर में ललित कला भवन, वाराणसी में अहिल्यादेवी होलकर के जीवन पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी.

चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएं

शाम को नमो घाट पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसमें प्रतिभागी पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर के जीवन पर आधारित 400 वर्ग फीट से अधिक क्षेत्रफल की रंगोली बनाएंगे. इस आयोजन के अंतर्गत विजेताओं का सम्मान, श्रीमती विजय राहतकर का विशेष संबोधन और अहिल्यादेवी होलकर के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति भी शामिल होगी. कार्यक्रम का समापन दीप प्रज्वलन के साथ होगा.

राष्ट्रीय महिला आयोग इस आयोजन के माध्यम से पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर के अतुलनीय योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित करना चाहता है तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके नेतृत्व, करुणा और जनसेवा के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहता है.

ये भी पढ़ें: Operation Sindoor: भारत के वार ने PAK वायुसेना को “अंधा, सुन्न और लकवाग्रस्त” कर दिया, उसे 5 साल पीछे धकेला

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read