Urdu Conclave 2026

राज ठाकरे की धमकी पर क्यों याद आए बाहुबली बृजभूषण सिंह? सोशल मीडिया पर ‘दबदबा’ वाला वीडियो वायरल

Raj Thackeray: यूपी बिहार के लोगों को लेकर राज ठाकरे के लात मारने वाले बयान पर बाहुबली बृजभूषण शरण सिंह ट्रेंड कर रहे हैं. बाहुबली का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें वो राज ठाकरे को दरबे से बाहर निकलकर सामना करने के लिए कहते हैं.

Raj Thackeray vs brij bhushan sharan singh

Raj Thackeray: महाराष्ट्र के मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने यूपी और बिहार से आए लोगों को लेकर एक बार फिर विवादित बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यूपी-बिहार के लोग समझ लें कि अगर महाराष्ट्र पर हिंदी थोपा गया तो वो इसका कड़ा विरोध करेंगे. उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई हिंदी बोलेगा तो वो उसे लात मारेंगे.

अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है. लोग उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व सांसद व भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के उस वीडियो को शेयर कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने राज ठाकरे को महाराष्ट्र से बाहर निकलने का चैलेंज दिया था.

क्या है मामला?

दरअसल मुंबई महानगर पालिका (BMC) का चुनाव होना है. जिसको लेकर सभी पार्टियां अपने-अपने एजेंडे के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं. इस बार शिवसेना (उद्धव ठाकरे) और मनसे मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं. चुनाव प्रचार के दौरान मनसे सुप्रीमो राज ठाकरे ने उत्तर भारतीयों विशेषकर यूपी-बिहार के लोगों पर जमकर निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि यूपी-बिहार वाले समझ लें कि महाराष्ट्र की भाषा हिंदी नहीं है, अगर वो इसे जबरन थोपेंगे तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा. अगर महाराष्ट्र में कोई हिंदी बोलता मिलेगा तो वो उसे लात मारेंगे.

राज ठाकरे के इस बयान पर अब बीजेपी के पूर्व सांसद और बाहुबली बृजभूषण शरण सिंह ट्रेंड में आ गए. लोग उनके वीडियो को शेयर कर राज ठाकरे को चुनौती दे रहे हैं.

क्या है इस वीडियो में?

यह वीडियो काफी पुराना है. जिसमें बृजभूषण शरण सिंह कहते हैं कि राज ठाकरे महाराष्ट्र के बाहर नहीं निकलते. ये मारते पीटते तो हैं, लेकिन ये दरबे में रहते हैं. ये महाराष्ट्र के बाहर नहीं निकलते. पहली बार बच्चा महाराष्ट्र के बाहर निकल रहा है. ये 2008 में निकले होते तब भी बृजभूषण शरण सिंह इनको मिलते. साल 2012 में निकले होते तब भी बृजभूषण शरण सिंह इनको मिलते. साल 2019 में निकले होते तब भी मिलते. हम तो 2008 से इनसे मिलना चाहते हैं. हम तो सोचते थे किसी दिन एयरपोर्ट पर मुलाकात हो जाए. कुछ बातचीत हो जाए, दो-दो हाथ हो जाए. फैसला हो जाए, लेकिन आप तो उस दरबे के बाहर निकलते नहीं हो.

ये भी पढ़ें- अब 10 मिनट में नहीं आएगा सामान! सरकार का बड़ा एक्शन, कंपनियों की ‘रफ्तार’ पर ब्रेक

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दे रहे लोग

वायरल हो रहे वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं. लोग कह रहे हैं कि राज ठाकरे की बोलती बृजभूषण शरण सिंह जैसे नेताओं के सामने बंद हो जाती है. उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकलता.

चंदन शर्मा नाम के एक एक्स यूजर कहते हैं कि खुल्लम खुल्ला चैलेंज. ओ बबुआ राज ठाकरे इधर देखो. तुम्हें बाहुबली बृजभूषण शरण सिंह खोज रहे हैं. लंबे समय से इंतजार है. इनसे कब मिलोगे. कभी तो आओ हवेली पर.

बता दें कि राज ठाकरे के इस बयान पर अयोध्या के संतों ने भी नाराजगी जताई है. एक न्यूज चैनल से बातचीत में जगतगुरु पहमहंस आचार्य ने कहा कि राज ठाकरे का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read