Ram Mandir Controversy Yogi Adityanath
Ram Mandir Donation Row: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में 378 करोड़ रुपये से ज्यादा की 126 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने नए राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत की. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का भी अनावरण किया. इस दौरान अयोध्या के राम मंदिर (Ram Mandir) में कथित चंदा चोरी के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने सभा को संबोधित किया. सीएम योगी ने मंच से विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आरोप लगाने वालों को अपने दावों के समर्थन में सबूत देने चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित है और यदि कोई तथ्य सामने आता है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
सीएम योगी ने आगे कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष और आस्था से जुड़े इस पवित्र स्थल की छवि खराब करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि आरोपों के बजाय जांच एजेंसियों को ठोस प्रमाण सौंपे जाएं.
सपा पर साधा निशाना
राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अयोध्या में हुए बदलाव और विकास को कुछ लोग स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं. सीएम योगी के मुताबिक, भगवान राम और अयोध्या से जुड़े कार्यों का भी विरोध किया जाता रहा है.
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जब विधायक मनोज पांडेय ने सभी विधायकों को राम जन्मभूमि दर्शन के लिए जाने की बात कही थी, तब अखिलेश यादव ने इसकी अनुमति नहीं दी. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अयोध्या से दूरी बनाए रखता है, लेकिन समय-समय पर उसकी छवि खराब करने की कोशिश करता है.
कांग्रेस को भी सुनाई खरी-खोटी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने राम भक्तों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भगवान राम ने मर्यादा और संयम का मार्ग दिखाया है. उन्होंने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए और अयोध्या को बदनाम करने की कोशिशों से सतर्क रहना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पहले राम भक्तों पर गोली चलवाई, श्रीराम का नाम लेने वालों पर लाठीचार्ज कराया और अदालत में भगवान राम के खिलाफ मुकदमे लड़े, वे आज आरोप लगा रहे हैं. सीएम योगी ने आरोप लगाया कि विपक्ष का रुख हमेशा विरोधाभासी रहा है और वह राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे मुद्दों को उठाता है.
ये भी पढ़ें: “सपा से बागी हुआ तो राजनीति छोड़ दूंगा”, सनातन पांडेय ने ओपी राजभर के दावे को किया खारिज
सीएम योगी ने आगे कहा कि जब कांग्रेस राम मंदिर नहीं बनने के लिए जोर लगा रही थी और न्यायालय में शपथ दिया था कि राम तो थे ही नहीं वे लोग कह रहे हैं कि अयोध्या में राम भक्तों का अपमान हो गया, क्या तब अपमान नहीं हो रहा था.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


