Bharat Express DD Free Dish

गोरखपुर में 3 दिन तक चलेगा संघ प्रमुख के बैठकों का दौर, जानिए मोहन भागवत का पूरा प्लान

RSS Mohan Bhagwat Gorakhpur Visit: गोरखपुर आज से भगवामय होने जा रहा है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत आज शाम यहां पहुंच रहे हैं और तीन दिन तक यहीं रहेंगे. जानिए क्या है पूरा प्लान?

RSS Mohan Bhagwat Gorakhpur Visit

RSS Mohan Bhagwat Gorakhpur Visit: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत (Dr. Mohan Bhagwat) आज (14 फरवरी) शाम अपने तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर गोरखपुर पहुंच रहे हैं. संघ के शताब्दी वर्ष (100 साल पूरे होने) के उपलक्ष्य में यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. अगले तीन दिनों तक गोरखपुर संघ की गतिविधियों का केंद्र रहेगा, जहां सामाजिक समरसता, संगठन विस्तार और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर मंथन किया जाएगा.

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

14 फरवरी को मोहन भागवत शाम को गोरखपुर पहुंचेंगे. आज वे जिला, विभाग और प्रांत कार्यकारिणी के प्रमुख लोगों के साथ अनौपचारिक चर्चा करेंगे और शताब्दी वर्ष की अब तक की तैयारियों का जायजा लेंगे.

15 फरवरी को सामाजिक सद्भाव का दिन

सुबह 9:30 बजे: ‘सामाजिक सद्भाव बैठक’ को संबोधित करेंगे. इसमें पूरे प्रांत से अलग-अलग जातियों और वर्गों के प्रभावशाली लोग शामिल होंगे. उद्देश्य समाज में ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाकर समरसता (Harmony) लाना है.

दोपहर 3:00 बजे: ‘प्रमुख जन गोष्ठी’ का आयोजन होगा. इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों (डॉक्टर, वकील, उद्योगपति आदि) के प्रबुद्ध जन शामिल होंगे. चर्चा का विषय समाज के विविध घटकों के बीच पारस्परिक विश्वास और समन्वय को मजबूत करना होगा.

16 फरवरी को कार्यकर्ता और परिवार

सुबह 9:30 बजे: कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक. इसमें जिला, विभाग और प्रांत टोली के कार्यकर्ता शामिल होंगे. शताब्दी वर्ष के आगामी कार्यक्रमों की योजना बनाई जाएगी.

शाम 5:00 बजे: ‘कुटुंब स्नेह मिलन’. यह इस दौरे का सबसे खास कार्यक्रम होगा. इसमें गोरखपुर महानगर, चौरी-चौरा और गोरखपुर ग्रामीण के कार्यकर्ताओं के परिवार शामिल होंगे. संघ का जोर ‘कुटुंब प्रबोधन’ (पारिवारिक मूल्यों) पर है.

ये भी पढ़ें: असम को पीएम मोदी की ‘डबल डोज’ सौगात; हाईवे पर उतरेंगे लड़ाकू विमान, 7 मिनट में पूरा होगा घंटों का सफर

100 साल का रोडमैप

RSS 2025-26 में अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर रहा है. मोहन भागवत का यह दौरा इसी शताब्दी वर्ष समारोह की तैयारियों को धार देने के लिए है. संघ का लक्ष्य समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाना और ‘पंच परिवर्तन’ (सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य) के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read