Bharat Express DD Free Dish

संभल में सनसनीखेज वारदात; पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, बेटी ने मांगी फांसी की सजा

Sambhal Murder Case: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में जूता कारोबारी राहुल की पत्नी रूबी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी. शव के टुकड़े कर सिर और हाथ अलग कर नाले में फेंका गया. पुलिस ने पत्नी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है.

Sambhal Murder Case: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यह मामला सौरभ हत्याकांड की तरह ही है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोप है कि जूता कारोबारी राहुल को उसकी पत्नी रूबी ने प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतारा. हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए उसके टुकड़े कर दिए गए और सिर व हाथ अलग कर नाले में फेंक दिए गए. पुलिस ने इस मामले में पत्नी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है.

कब से लापता था राहुल?

जानकारी के मुताबिक राहुल अपनी पत्नी रूबी के साथ चंदौसी के मोहल्ला चुन्नी में रहता था. 18 नवंबर से वह लापता था. पत्नी रूबी ने 24 नवंबर को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. करीब एक महीने बाद 15 दिसंबर को चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के पतरौआ रोड स्थित ईदगाह के पास नाले से एक क्षत-विक्षत शव मिला. शव का सिर और हाथ गायब थे, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया. हालांकि पास में मिले बैग से शव की पहचान राहुल पुत्र जसवंत निवासी कस्बा गंवा, थाना रजपुरा के रूप में हुई.

कहां हुई थी हत्या?

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि राहुल की हत्या उसके घर के अंदर ही की गई थी. हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए सिर और हाथ-पैर अलग कर दिए गए. धड़ को नाले में फेंका गया, जबकि सिर और हाथ अलग जगह फेंके गए. जांच के दौरान पत्नी रूबी पर शक गहराया और पुलिस ने उसे प्रेमी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया.

फॉरेंसिक टीम को हाथ अहम सबूत

फॉरेंसिक टीम जब राहुल के घर पहुंची तो कई चौंकाने वाले सबूत मिले. घर में खून के निशान, लकड़ी के तख्त पर खून, शौचालय में टूटा ब्रश और फर्श पर बिखरे बाल बरामद हुए. इन सबूतों ने हत्या की साजिश की पुष्टि कर दी.

बेटी का चौंकाने वाला बयान

मृतक की नाबालिग बेटी ने पुलिस को चौंकाने वाला बयान दिया. उसने बताया कि आरोपी अभिषेक घर में महंगी चॉकलेट और खाना लेकर आता था और कहता था कि कि कुछ महीने की बात है फिर मैं ही तुम्हें पालूंगा. तुम्हारे पापा बीच से हट जाएंगे. बच्ची ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने और फांसी तक की मांग की है.

ये भी पढ़ें-मुर्दा पहुंचा थाने! लाश जल चुकी थी, 4 हत्यारे जेल में थे…; 2 माह बाद क्रिसमस मनाने लौटा मृतक

पुलिस की जांच जारी

फिलहाल पुलिस रूबी और अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है. इस घटना ने संभल जिले में सनसनी फैला दी है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read