Sangeet Som Death Threat: भाजपा के फायरब्रांड नेता और मेरठ की सरधना विधानसभा सीट से पूर्व विधायक संगीत सोम को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह धमकी उन्हें फोन पर दी गई. मामला सामने आते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में अधिकारी उनके पास पहुंचे और मामले की जानकारी ली. बीजेपी नेता ने अधिकारियों को फोन नंबर की डिटेल दे दी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक संगीत सोम को सोमवार को एक फोन कॉल आया. जिसमें कॉल करने वाले ने उन्हें बांग्ला भाषा में बम से उड़ाने की धमकी दी.
बम से उड़ाने की धमकी मामले में संगीत सोम के निजी सचिव चंद्रशेखर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने कॉल डिटेल लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. संगीत सोम की गिनती भाजपा के फायरब्रांड हिंदू नेता के तौर पर होती है.
शाहरुख खान को बताया था गद्दार
संगीत सोम ने कुछ दिनों पहले शाहरुख खान को गद्दार बताते हुए उनपर भारत विरोधी तत्वों के साथ सहानुभूति रखने का आरोप लगाया था. संगीत सोम ने कहा था कि बांग्लादेश में मुस्लिम कट्टरपंथी वहां के अल्पसंख्यक हिंदुओं की हत्याएं कर रहे हैं और यहां के कुछ लोग उनके खिलाड़ियों को 9 करोड़ रुपये देकर आईपीएल में खेलने के लिए बुला रहे हैं. ऐसे लोग गद्दार हैं.
ये भी पढ़ें- नशे में धुत पवन सिंह ने मनाया जन्मदिन! चाचा की साइकिल से शुरू हुआ सफर, आज भोजपुरी का सबसे बड़ा ‘पावर स्टार’
सपा नेता ने बताया मानसिक विक्षिप्त
शाहरुख खान को गद्दार करार देने पर समाजवादी पार्टी ने भाजपा और संगीत सोम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. मुजफ्फरनगर सपा जिलाध्यक्ष जिया खान ने संगीत सोम को मानसिक विक्षिप्त करार दिया. जिसके बाद करणी सेना ने समाजवादी पार्टी नेता के खिलाफ बिगुल फूंक दिया.
करणी सेना से जुड़े एक व्यक्ति ने मुजफ्फरनगर में सपा मुख्यालय में घुसकर जिया खान के साथ हाथा-पाई तक कर डाली. जिसे पुलिस ने काबू कर थाने में बंद कर दिया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




