MLA Rajeshwar Singh: सरोजिनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी पहल के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित फिल्म ‘अजेय’ का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया. इस विशेष स्क्रीनिंग में सैकड़ों महिलाएं और क्षेत्र के युवा शामिल हुए. यह कार्यक्रम शुक्रवार को लखनऊ स्थित फीनिक्स पलासियो मॉल के आईनॉक्स सिनेमा हॉल में आयोजित किया गया.
इस आयोजन में भाजपा पदाधिकारियों, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं सहित तारा शक्ति सिलाई केंद्रों से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं और रण बहादुर सिंह डिजिटल एजुकेशन एंड यूथ एम्पावरमेंट सेंटर्स के ऊर्जावान युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सरोजिनी नगर क्षेत्र के 250 से अधिक निवासी इस यादगार आयोजन का हिस्सा बने.

कोल्ड ड्रिंक और पॉपकॉर्न की व्यवस्था भी की गई
कार्यक्रम को और व्यक्तिगत व यादगार बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों के लिए कोल्ड ड्रिंक और पॉपकॉर्न की व्यवस्था की गई थी. डॉ. राजेश्वर सिंह के स्वयंसेवक पूरे कार्यक्रम के दौरान सक्रिय रूप से मौजूद रहे और हर सुविधा व सहयोग उपलब्ध कराते रहे. फिल्म ने हर दिल को गहराई से छू लिया. इस फिल्म में योगी का अथक संघर्ष, निस्वार्थ त्याग, अटूट अनुशासन और निडर संकल्प को बखूबी दिखाया गया. इस प्रेरणादायी यात्रा को देखने के बाद प्रतिभागी गर्व, ऊर्जा और नए उत्साह से भर उठे.

लोगों ने की राजेश्वर सिंह के इस पहल की सराहना
फिल्म देखने आए लोगों ने डॉ. राजेश्वर सिंह की इस पहल की हृदय से सराहना की और कहा कि उन्होंने केवल एक फिल्म प्रदर्शन का आयोजन नहीं किया, बल्कि सरोजिनी नगर की आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, अनुशासन और सकारात्मकता का गहरा संदेश भेंट किया है. यह आयोजन क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में एक अविस्मरणीय मील का पत्थर बन गया.

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ जी का जीवन किसी व्यक्ति की कहानी मात्र नहीं है. यह करोड़ों भारतीयों के लिए आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है. आज ‘अजेय’ देखकर सरोजिनी नगर के कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं ने अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्र सेवा को अपने जीवन के मार्गदर्शक सिद्धांत बनाने का संकल्प लिया है.
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, सभी लोगों के साथ मिलकर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायी कहानियों, अद्भुत अनुभवों और उनके पराक्रम को चलचित्र के माध्यम से देखकर भावविभोर हो उठे.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


