चंदौली/अविनाश
Youth Shot Dead in Train: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब चलती ट्रेनें भी सुरक्षित नहीं रही हैं. डीडीयू (पंडित दीनदयाल उपाध्याय) जंक्शन से तारीघाट जा रही पैसेंजर ट्रेन में बदमाशों ने एक युवक की कनपटी पर सटाकर गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक के शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंककर फरार हो गए.
वारदात से यात्रियों में मचा हड़कंप
यह खौफनाक घटना डीडीयू-तारीघाट पैसेंजर ट्रेन में उस समय हुई जब ट्रेन अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी. चश्मदीदों के अनुसार, हमलावरों और युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद बदमाशों ने तमंचा निकालकर उसकी कनपटी पर गोली मार दी. गोली चलने की आवाज और खून की होली देख कोच में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.
घटना को अंजाम देने के बाद, साक्ष्य मिटाने की नियत से बदमाशों ने शव को नीचे फेंक दिया और सकलडीहा स्टेशन के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही कूदकर भाग निकले.
इब्राहिमपुर गांव के पास मिला शव
सूचना मिलते ही जिला पुलिस और जीआरपी (GRP) की टीम हरकत में आई. पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके बाद इब्राहिमपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस यात्रियों से पूछताछ कर हमलावरों का हुलिया जानने की कोशिश कर रही है. मौके पर दो क्षेत्राधिकारी (CO), तीन थानों की फोर्स और भारी संख्या में जीआरपी जवान तैनात हैं.
सीओ अरुण कुमार सिंह ने पूरी घटना बताई
तारीघाट एक्सप्रेस ट्रेन, जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (Pandit Deendayal Upadhyay Junction) से तारीघाट को जाती है, उसमें एक व्यक्ति को गोली लगने और उसके ट्रेन से नीचे गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी. इस सूचना पर तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंच कर मुआयना किया गया. कुछमन रेलवे स्टेशन से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव रेलवे ट्रैक पर मृत अवस्था में मिला है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीडीयू के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं. जीआरपी और जिला पुलिस की संयुक्त टीमें मामले की गहन जांच कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: मदर्स-डे पर शुवेंदु अधिकारी ने बेटे से की खास मांग, बोलीं- आरजीकर पीड़िता को न्याय दो बेटा!
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



