लखनऊ मर्डर मिस्ट्री में बड़ा खुलासा
Shiva Sharma Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सामने आए चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड मामले में हर दिन सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं. इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में पुलिस और एसटीएफ ने पहले ही बड़ी कार्रवाई करते हुए 50,000 की इनामी मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया था. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले से जुड़े दो नए ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्होंने इस पूरी घटना को और भी ज्यादा भयानक रूप दे दिया है. इन वायरल ऑडियो में श्रद्धा की आवाज साफ सुनी जा सकती है, जिसमें वह गुस्से से आग बबूला होकर शिवा शर्मा को जान से मारने की धमकियां देती नजर आ रही है.
“जितना नाम खराब किया, उतना ही घुमाकर मारूंगी…”
सामने आए पहले ऑडियो में श्रद्धा दुबे और शिवा शर्मा के बीच तीखी बातचीत सुनाई दे रही है. ऑडियो में श्रद्धा इस बात से बेहद खफा दिखती है कि शिवा की वजह से उसका और उसके परिवार का नाम खराब हो रहा है. वह गुस्से में कहती सुनाई देती है कि लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उसने श्रद्धा का नाम खराब कर दिया है.
बातचीत के दौरान श्रद्धा तैश में आकर कहती है कि लोग उसके बारे में जाने क्या-क्या बोल रहे हैं और ताने मार रहे हैं. वह गुस्से में यहां तक कह देती है कि शिवा ने उसकी इज्जत और नाम की जितनी धज्जियां उड़ाई हैं, वह उसे उतनी ही बुरी तरह से सजा देगी और जान से मारने की धमकी देते हुए कहती है कि उसे ऐसे मौत देगी कि लोग हमेशा याद रखेंगे. इस बातचीत में किसी तीसरे शख्स के जुड़े होने की भी बात सामने आ रही है, जो दोनों की बातें सुन रहा था.
ये भी पढ़ें- 3 आईफोन, बुर्का और फेसटाइम… 11 दिन तक पुलिस को कैसे चकमा देती रही श्रद्धा दुबे?
दूसरे ऑडियो में खोले कई राज
वहीं दूसरे वायरल ऑडियो में श्रद्धा किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करती हुई सुनाई दे रही है. इस ऑडियो में वह कह रही है कि उसके घर तुरंत आ जाओ, क्योंकि मामला बहुत ज्यादा बिगड़ चुका है और बड़ा बवाल हो गया है. इस दौरान बातचीत में अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया है. श्रद्धा कहती है कि शिवा की गाड़ी में घूमने की वजह से वह समाज में बदनाम हो चुकी है और अब वह उसे किसी भी कीमत पर छोड़ेगी नहीं.
ऑडियो में श्रद्धा यह भी कहती है कि उसने शिवा पर बहुत भरोसा किया था, लेकिन उसने काम निकल जाने के बाद उसे इग्नोर करना शुरू कर दिया, जो उसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं हुआ. वह कसम खाते हुए कहती है कि अब वह जहां भी दिखेगा, उसे सबक सिखाएगी. बहरहाल, इन वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस और एसटीएफ के हाथ एक बड़ा डिजिटल सबूत लग गया है, जो इस मर्डर मिस्ट्री की गुत्थी को सुलझाने में और ज्यादा मदद करेगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



