Sitapur Rape Case: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद अंतर्गत बिसवां कोतवाली क्षेत्र से महिला सुरक्षा को तार-तार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया और विरोध करने पर आरोपी ने उसे लहूलुहान कर दिया. पुलिस मामले की तत्परता से जांच कर रही है (Sitapur Crime).
सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. असफल होने पर आरोपी ने नाबालिग को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के भाई और भतीजे को हिरासत में ले लिया है. एएसपी आलोक सिंह के मुताबिक, आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 टीमें लगाई गई हैं.
क्या है ममला?
यह पूरा मामला सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र का है, जहां नट बिरादरी के एक युवक ने एक नाबालिग लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की. जब युवक अपने इस घिनौने कृत्य में असफल रहा, तो उसने गुस्से में आकर नाबालिग लड़की की बेरहमी से पिटाई कर दी. युवक द्वारा की गई इस बर्बरता के कारण नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गई.
पीड़िता को तड़पता छोड़ मौके से फरार (Biswan Kotwali Sitapur)
घटना के दौरान जब पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू किया, तो उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिवार के सदस्य तुरंत मौके की तरफ दौड़े. लोगों को आता देख आरोपी युवक पीड़िता को तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया. आनन-फानन में इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई.
पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही बिसवां कोतवाली पुलिस तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी के भाई और भतीजे को हिरासत में ले लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है. वहीं, गंभीर रूप से घायल नाबालिग लड़की की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है (ASP Alok Singh Sitapur).
इस मामले पर जानकारी देते हुए सीतापुर के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) आलोक सिंह ने बताया कि बिसवां कोतवाली क्षेत्र की इस घटना को गंभीरता से लिया गया है. पीड़िता को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं. उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

