Bharat Express DD Free Dish

‘दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा बंद होनी चाहिए’, सपा सांसद एसपी सिंह पटेल के बयान पर विवाद

SP Singh Patel: समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल ने दुर्गा प्रतिमा की स्थापना और कांवड़ यात्रा को लेकर सवाल उठाते हुए इन्हें बंद करने की नसीहत दी है. उन्होंने दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का जिक्र करते हुए कहा कि स्थापना के बाद प्रतिमाओं को गंदे नाले में विसर्जित कर दिया जाता है.

sp-mp-sp-singh-patel-remarks-on-durga-puja-kanwar-yatra

सपा सांसद एसपी सिंह पटेल का विवादित बयान

SP Singh Patel: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल ने ऐसा बयान दे दिया है, जो अखिलेश यादव के लिए गले की फांस बन सकती है. उन्होंने दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा पर ही सवाल उठा दिये. सोशल मीडिया पर उनकी वीडियो वायरल हो रही है.

उन्होंने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लोग नौ दिनों तक प्रतिमा की पूजा करते हैं और फिर उसे गंदे नाले में विसर्जित कर देते हैं. सांसद ने कांवड़ यात्रा बंद करने की भी सलाह दी है. उनके बयान पर अब बीजेपी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर खूब हमलावर है.

दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा पर क्या बोले सपा सांसद?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वायरल वीडियो प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है. वीडियो में एसपी सिंह पटेल लोगों से बातचीत करते हुए कहते हैं कि लोग दुर्गा माता की प्रतिमा खरीदकर लाते हैं और नौ दिनों तक पूजा करते हैं. इसके बाद प्रतिमा को गंदे नाले में विसर्जित कर देते हैं.

सांसद ने आगे कहा कि ऐसा करने से देवी मां आशीर्वाद देंगी या श्राप? उन्होंने इस परंपरा को ढोंग बताते हुए इसे बंद करने की बात कही.

कांवड़ यात्रा को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए. एसपी सिंह पटेल ने कहा कि लोगों को 50-50 किलोमीटर पैदल चलने की जरूरत नहीं है. गांव में ही मंदिर है, जहां भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाकर आशीर्वाद लिया जा सकता है. उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है.

BJP ने अखिलेश यादव को घेरा

सपा सांसद के बयान पर BJP प्रवक्ता प्रियंक पांडे ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव एक तरफ अयोध्या में रामलला के दर्शन करने की बात करते हैं. वहीं उनकी पार्टी के सांसद सनातन धर्म से जुड़े आयोजनों पर इस तरह की टिप्पणी कर रहे हैं.

प्रियंक पांडे ने 1990 में मुलायम सिंह यादव की सरकार के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का भी जिक्र किया. उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि क्या वह अपने सांसद के बयान से सहमत हैं? क्या समाजवादी पार्टी हिंदू त्योहारों के खिलाफ है? BJP प्रवक्ता ने कहा कि अखिलेश यादव को इस मामले पर जवाब देना चाहिए.

कौन हैं सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल?

डॉ. एसपी सिंह पटेल समाजवादी पार्टी के नेता हैं और उत्तर प्रदेश की प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से सांसद हैं. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी. इससे पहले वह उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं.

ये भी पढ़ें- मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर बजे भोजपुरी गाने तो भड़की MNS, राज ठाकरे ने बताया कल्चरल हमला, दे दी खतरनाक चेतावनी

एसपी सिंह पटेल दो बार MLC चुने गए थे. उनका पहला कार्यकाल 5 मई 2002 से 4 मई 2008 तक रहा. इसके बाद वह 5 मई 2008 से 4 मई 2014 तक दूसरी बार विधान परिषद के सदस्य रहे. इस तरह उनका राजनीतिक सफर विधान परिषद से लोकसभा तक पहुंचा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read