बेटे की हत्यारा निकला पिता
Meerut Tushar Tyagi Murder Case: मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र में हुए तुषार त्यागी हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार इस सनसनीखेज वारदात में मृतक के पिता सुन्दर त्यागी ने ही गोली मारकर तुषार की हत्या की थी. थाना खरखौदा पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण ने मुख्य आरोपी सुन्दर त्यागी सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. आपको विस्तार से बताते हैं पूरा मामला.
दरअसल, 1 जून 2026 की रात करीब 12 बजे डायल-112 पर सूचना मिली थी कि पांची अंडरपास के पास तुषार त्यागी को गोली मार दी गई है और उसका शव गाड़ी में पड़ा है. सूचना मिलते ही थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. मृतक की पत्नी शिखा की तहरीर पर थाना खरखौदा में मुकदमा दर्ज किया गया.
पिता ने की बेटे की हत्या
एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे और एसपी ग्रामीण अभिजित कुमार के निर्देशन में घटना के खुलासे के लिए थाना खरखौदा पुलिस, स्वाट टीम ग्रामीण सहित तीन विशेष टीमें गठित की गईं. पुलिस ने तकनीकी अभिसूचना, वैज्ञानिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अन्य भौतिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया. जांच में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त तुषार का पिता सुन्दर त्यागी घटना वाले दिन देहरादून से कंकरखेड़ा आया था. इसके बाद वह अपने साथी अमित उर्फ वेदवान के साथ ग्राम दोयमी/कैली पहुंचा. जांच में यह भी पता चला कि अमित उर्फ वेदवान ने कैली धीरखेड़ा स्थित ठेके से बीयर कैन खरीदी थी. इसके बाद मृतक की स्कॉर्पियो कार और आरोपियों की थार गाड़ी साथ दिखाई दी.
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि घटना के समय तुषार का पिता सुन्दर त्यागी बेटे मृतक तुषार की गाड़ी में मौजूद था और उसी ने तुषार की गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मृतक को वाहन सहित पांची अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि विवेचना में यह बात भी सामने आई कि तुषार के पिता सुन्दर त्यागी को शक था कि उसके पुत्र तुषार ने उसकी हत्या कराने के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी है. साथ ही तुषार पर परिजनों के साथ मारपीट करने की बात भी सामने आई है.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य अभियुक्त सुन्दर त्यागी को गिरफ्तार कर लिया. सह-अभियुक्त अमित उर्फ वेदवान को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त सुन्दर त्यागी थाना हापुड़ देहात का पूर्व हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं. मामले में शेष वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है. जबकि मृतक तुषार त्यागी की पत्नी शिखा त्यागी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 1 जून की रात करीब 8 बजे उनके पति तुषार त्यागी अपनी स्कॉर्पियो कार संख्या UP14GK7555 से यह कहकर घर से निकले थे कि वह थोड़ी देर में वापस लौट आएंगे. रात करीब 9 बजे तुषार की व्हाट्सएप कॉल आई. कॉल पर उन्होंने बताया कि अरविंद उर्फ बिट्टू त्यागी और उसके कुछ साथी उन्हें कहीं जंगल में ले जा रहे हैं तथा उनकी हत्या करने की बात कर रहे हैं. इसके बाद अचानक दोनों मोबाइल फोन बंद हो गए.
यह भी पढ़ें: 3 साल और 225 मासूम: फायर सर्विस के आंकड़ों ने उड़ाए होश, आखिर क्यों इतनी बार सुलगी दिल्ली
तहरीर में शिखा त्यागी ने यह भी कहा था कि कुछ दिन पहले ग्राम दोयमी निवासी तरुण त्यागी के साथ व्हाट्सएप कॉल पर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान तरुण ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी. बाद में दोनों पक्षों के बीच अरविंद उर्फ बिट्टू त्यागी के घर पर समझौता भी कराया गया था. पत्नी ने पुलिस को दी तहरीर में अरविंद उर्फ बिट्टू त्यागी पुत्र महाराज सिंह निवासी त्यागी नगर हापुड़ और तरुण त्यागी पुत्र मुकेश त्यागी निवासी ग्राम दोयमी पर पति की हत्या का शक जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


