Bharat Express DD Free Dish

बजट सत्र से पहले विपक्ष के हंगामे पर डॉ. राजेश्वर सिंह की दो टूक, बोले- लोकतंत्र की गरिमा पर प्रहार

Uttar Pradesh Budget Session: UP विधानसभा बजट सत्र से पहले राज्यपाल के अभिभाषण में हंगामे पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताया.

BJP MLA Dr Rajeshwar Singh

Uttar Pradesh Budget Session: उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत के साथ ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया. सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण से पूर्व समाजवादी पार्टी के विधायकों द्वारा सदन में नारेबाजी और हंगामा किए जाने को लेकर सत्तापक्ष ने कड़ा एतराज जताया है. सरोजनीनगर से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने विपक्ष के इस आचरण को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है.

संसदीय परंपराओं का उल्लंघन- राजेश्वर सिंह

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण संविधान द्वारा निर्धारित एक अनिवार्य और सम्मानजनक प्रक्रिया है. इसे सुने बिना ही बाधित करना न केवल संसदीय परंपराओं का उल्लंघन है, बल्कि लोकतंत्र की गरिमा पर भी सीधा प्रहार है. उन्होंने कहा कि विपक्ष का विरोध करना उसका अधिकार है, लेकिन विरोध का तरीका भी लोकतांत्रिक और मर्यादित होना चाहिए.

विधायक डॉ. सिंह ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि शोर-शराबा, नारेबाजी और सदन की कार्यवाही को रोकना किसी भी दृष्टि से स्वस्थ राजनीति का उदाहरण नहीं है. लोकतंत्र संवाद, तर्क और तथ्य आधारित बहस से मजबूत होता है, न कि अव्यवस्था और हंगामे से. बिना सुने किया गया विरोध रचनात्मक नहीं बल्कि नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है.

करदाताओं के कर से चलता है सदन- राजेश्वर सिंह

राजेश्वर सिंह ने कहा कि विधानसभा जनता के करों से चलने वाली सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है. इसकी कार्यवाही में बाधा डालना करदाताओं के विश्वास और मेहनत की कमाई का अपमान है. जनता उम्मीद करती है कि उनके निर्वाचित प्रतिनिधि सदन में गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें.

राजेश्वर सिंह ने विपक्ष से अपील की कि वह अपनी भूमिका को सकारात्मक और रचनात्मक बनाए. स्वस्थ लोकतंत्र के लिए एक मजबूत और जिम्मेदार विपक्ष जरूरी है, जो पहले सरकार और संवैधानिक प्रक्रियाओं को सुने, समझे और फिर तथ्यों व तर्कों के आधार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि हंगामे की राजनीति से न तो जनता का भला होता है और न ही लोकतंत्र सशक्त बनता है.


ये भी पढ़ें: ‘आग लगेगी, आत्मदाह करूंगा’, वाराणसी के BJP नेता ने क्यों किया ऐसा ऐलान?


गौरतलब है कि 11 फरवरी को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बजट पेश किया जाना है और उससे पहले ही सदन में हुए इस हंगामे ने सत्र की शुरुआत को विवादों में ला दिया है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में सदन की कार्यवाही किस दिशा में आगे बढ़ती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read