रिपोर्ट- शुभम सिंह
UP News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. घटना में एक महिला सहित कई लोग घायल हो गए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानिए पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के सेखौना गांव में होली के दिन शाम को जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए. आरोप है कि इस दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने ईंट और धारदार हथियार से हमला कर दिया.
पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में दी गई लिखित शिकायत में गुलशन पत्नी सालिम ने आरोप लगाया है कि उनके ही रिश्ते में लगने वाले मामा फिरोज, अब्दुल और रहीम पुत्र मोहम्मद नवी, मकतुला पत्नी मोहम्मद नवी, अंजुम पत्नी रईस और हिना पुत्री रईस ने मिलकर उन पर हमला कर दिया.
हमले में लहूलुहान हुई पीड़ित
गुलशन का आरोप है कि जब विवाद के दौरान उनकी सास नूरजहां पत्नी नूरअली बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उन पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस हमले में नूरजहां के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं. इसके बाद आरोपियों ने गुलशन और उनके पति सालिम के साथ भी मारपीट की, जिससे वे भी घायल हो गए.
घटना के बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. वहीं घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ये भी पढ़ें: ‘झूठे केस में फंसा दूंगी!’ युवती की धमकियों से तंग आकर युवक ने दी जान, बहन ने थाने में दी तहरीर
मामला दर्ज कर जांच शुरू
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं घायल पक्ष ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
