यूपी बोर्ड 2025 की परीक्षाएं शुरू
UP Board Exam 2025: आज 24 फरवरी 2025 से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं. प्रदेश भर में 8,140 केंद्रों पर 54 लाख 37 हजार 233 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने बधाई दी है.
परीक्षार्थियों की उतारी गई आरती
राजधानी के बाल निकुंज इंटर कॉलेज में परीक्षा में शामिल होने से पहले परीक्षार्थियों की आरती उतारकर पुष्प वर्षा की गई. यूपी बोर्ड की परीक्षा में हाईस्कूल के 27,32,216 और इंटरमीडिएट के 27,05,017 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इस बार प्रदेश में 8,140 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 576 राजकीय, 3446 अशासकीय सहायता प्राप्त, 4118 स्ववित्तपोषित हैं.
परीक्षा को देखते हुए एजेंसिया सक्रिय
17 जिलों के संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी की जा रही है. एसटीएफ, एलआईयू आदि एजेंसियां परीक्षा को देखते हुए सक्रिय हैं. एसटीएफ और एलआईयू की तैनाती परीक्षा की अवधि तक बनी रहेगी. प्रयागराज में 24 फरवरी को प्रस्तावित यूपी बोर्ड परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. अब यह 9 मार्च को आयोजित होगी. परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के लिए प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे, राउटर, डीवीआर और हाई-स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था की गई है. इससे परीक्षा की लाइव मॉनिटरिंग वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी. परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रश्न-पत्रों में केंद्रवार कोडिंग की गई है और उत्तर पुस्तिकाओं में विशेष सुरक्षात्मक उपाय जोड़े गए हैं.
CM योगी ने परिक्षार्थियों की दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं. उन्होंने आगे लिखा कि आप सभी पूर्ण आत्मविश्वास, धैर्य और पूरी क्षमता के साथ इस परीक्षा रूपी महोत्सव में सहभाग करें. परीक्षा को अपनी दिनचर्या का एक सहज हिस्सा मानकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करें. मां सरस्वती की कृपा आप सभी पर बनी रहे, आप सभी सफल हों, इस हेतु अनेकानेक मंगलकामनाएं.
यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं!
आप सभी पूर्ण आत्मविश्वास, धैर्य और पूरी क्षमता के साथ इस परीक्षा रूपी महोत्सव में सहभाग करें।
परीक्षा को अपनी दिनचर्या का एक सहज हिस्सा मानकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 24, 2025
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी दी बधाई
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि आज से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में भाग लेने वाले सभी परीक्षार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं. आप सभी परीक्षार्थी अपने आत्मविश्वास और एकाग्रता के साथ परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें. आपकी मेहनत और समर्पण का फल अवश्य मिलेगा. परीक्षा के दौरान अपने आत्मविश्वास और धैर्य को बनाए रखें. मैं ईश्वर से आप सभी के परीक्षा में सफल होने की प्रार्थना करता हूं.
आज से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में भाग लेने वाले सभी परीक्षार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं!
आप सभी परीक्षार्थी अपने आत्मविश्वास और एकाग्रता के साथ परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।
आपकी मेहनत और समर्पण का फल अवश्य मिलेगा। परीक्षा के दौरान अपने…
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) February 24, 2025
महाशिवरात्रि स्नान के कारण परीक्षा स्थगित
माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने बताया कि प्रयागराज में 26 फरवरी के महाशिवरात्रि स्नान के कारण श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ एवं यातायात प्रबंधन की दृष्टि से 24 फरवरी को होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को स्थगित किया गया है. 24 फरवरी को होने वाली परीक्षाएं 9 मार्च रविवार को पुनः आयोजित की जाएंगी. यह संशोधन केवल प्रयागराज जनपद के लिए लागू होगा, जबकि अन्य जनपदों में परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होंगी.
टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर किए गए सक्रिय
परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की अदला-बदली रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाए गए हैं. परीक्षा अवधि में छात्रों और अभिभावकों की समस्याओं के समाधान के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 और 18001806608 सक्रिय किए गए हैं. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज का हेल्पलाइन नंबर 18001805310 और 18001805312 रहेगा. इसके अलावा, ईमेल, फेसबुक, एक्स हैंडल और व्हाट्सएप नंबर 9250758324 के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


