उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है. विधान परिषद (MLC) चुनाव के निराशाजनक नतीजों से सबक लेते हुए पार्टी नेतृत्व ने संगठन की खामियों को जड़ से खत्म करने के लिए दो-स्तरीय ‘मेगा ऑपरेशन’ शुरू किया है. राजनीतिक हलकों में भाजपा के चुनावी रणनीतिकार माने जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छठ महापर्व के तुरंत बाद उत्तर प्रदेश की कमान अपने हाथों में लेने जा रहे हैं.
एक तरफ जहां केंद्रीय नेतृत्व सहयोगी दलों और प्रदेश संगठन के साथ मिलकर चुनावी चक्रव्यूह तैयार करेगा, वहीं दूसरी तरफ पार्टी ने बुधवार को ही राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति कर माइक्रो-मैनेजमेंट की शुरुआत कर दी है.
छठ के बाद यूपी में कमान संभालेंगे अमित शाह
पार्टी सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद अब केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश की चुनावी तैयारियों को सीधे अपनी निगरानी में ले लिया है. छठ पूजा के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यूपी में पूरी तरह सक्रिय हो सकते हैं. जानकारी के अनुसार, अमित शाह सबसे पहले एनडीए (NDA) के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कर जमीनी हालात का जायजा लेंगे और इसके बाद प्रदेश भाजपा नेतृत्व के साथ मंथन करेंगे.
शाह की इस रणनीति का मुख्य फोकस मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और संगठन के हर स्तर पर आपसी तालमेल को मजबूत करना है, ताकि 2027 के लिए एक अचूक चुनावी रणनीति तैयार की जा सके.
सभी 403 विधानसभा सीटों पर उतारे प्रभारी
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बूथ और विधानसभा स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के लिए भाजपा ने बुधवार को एक बड़ा कदम उठाया है. पार्टी के छह क्षेत्रीय अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सभी 403 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की सूची जारी कर दी है. इस सूची की सबसे खास बात यह है कि इसमें ऐसे कई नेताओं को भी जगह दी गई है, जो खुद आगामी चुनाव में टिकट के प्रबल दावेदार हैं.
क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, अवध क्षेत्र में 82, काशी में 71, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 71, कानपुर-बुंदेलखंड में 65 और गोरखपुर क्षेत्र में 65 विधानसभा सीटों पर प्रभारी तैनात किए गए हैं, जिन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव प्रबंधन की कमान संभालनी होगी.
यह भी पढ़ें: देखते रह जाएंगे नजारा… ! दिल्ली में मुनक नहर पर बन गया ‘सुपर हाईटेक’ छठ घाट, BJP अध्यक्ष करेंगे उद्घाटन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




