उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों सोशल मीडिया ही नया अखाड़ा बना हुआ है. मामला समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बीच जुबानी जंग का है, जिसने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है.
शुक्रवार देर रात अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दोनों उपमुख्यमंत्री (केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक) नजर आ रहे थे. इसी वीडियो के साथ उन्होंने एक व्यंग्यात्मक गीत भी जोड़ा और तंज कसते हुए लिखा कि ‘दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती.’ उनका यह कटाक्ष सीधे तौर पर सत्ता की स्थिरता और तालमेल पर सवाल की तरह देखा गया.
दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती! pic.twitter.com/RLdHEcMF2u
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 1, 2026
इस पोस्ट के बाद सियासी हलचल बढ़ना तय था, और हुआ भी कुछ ऐसा ही.
केशव मौर्य का करारा जवाब
करीब 14 घंटे बाद केशव प्रसाद मौर्य ने भी पलटवार किया. उन्होंने कहा कि उनकी और ब्रजेश पाठक की जोड़ी पूरी तरह प्रभावी है और इसी वजह से विपक्ष बेचैन है. मौर्य ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान वंचित, श्रमिक और पिछड़े वर्गों के साथ अन्याय हुआ था, जिसे जनता अभी तक भूली नहीं है.
शनिवार सुबह उन्होंने अपने बयान को और आगे बढ़ाते हुए कहा कि वे चंद्रगुप्त मौर्य की विरासत को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं और उनका संकल्प अखंड भारत के निर्माण से जुड़ा है. साथ ही उन्होंने कहा कि वे गौतम बुद्ध की शिक्षाओं (शांति, समानता और न्याय) से प्रेरणा लेते हैं.
आदरणीय श्री अखिलेश यादव जी,
एक फिट और हिट जोड़ी से आपका घबराना निहायत ही जायज है। आपकी जानकारी के लिए यह अच्छा भी है क्योंकि केशव प्रसाद मौर्य और श्री @brajeshpathakup जी की जोड़ी आज जनता के भरोसे की पहचान बन चुकी है।
मैं, महान चक्रवर्ती सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के वंश का…
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) May 2, 2026
मौर्य ने यह भी दावा किया कि शाक्य, कुशवाहा, मौर्य, सैनी और अन्य वंचित वर्गों के साथ हुए कथित अन्याय का जवाब अब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा. उनके मुताबिक, आने वाले समय में जनता “कमल” खिलाकर जवाब देगी और 2047 तक विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल किया जाएगा.
ब्रजेश पाठक भी मैदान में उतरे
इस पूरे विवाद में ब्रजेश पाठक ने भी अपनी बात रखी. उन्होंने X पर लिखा कि नए उत्तर प्रदेश की सुपर जोड़ी की चर्चा हर जगह हो रही है और वे जनता की सेवा के लिए 24 घंटे तैयार हैं. उन्होंने विपक्ष पर तुष्टीकरण और गलत राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब सब समझती है और विकास की राजनीति के साथ खड़ी है.
आज के नए उत्तर प्रदेश की सुपर जोड़ी की चर्चा सब जगह है। इसलिए अखिलेश जी मैं आपकी परेशानी को समझ सकता हूं। मेरे परम मित्र और पारिवारिक सदस्य श्री केशव प्रसाद मौर्य और मेरे घर के दरवाजे जनता जनार्दन की सेवा के लिए 24 घंटे खुले हैं। हम बातों से ज्यादा धरातल पर कार्य करने में भरोसा…
— Brajesh Pathak (@brajeshpathakup) May 2, 2026
जिस वीडियो को लेकर यह पूरा विवाद शुरू हुआ, वह बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर कुशीनगर में दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी का बताया जा रहा है. उस कार्यक्रम में ब्रजेश पाठक ने भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली का महत्व बताते हुए युवाओं से बदलाव में भागीदारी की अपील की थी.
ये भी पढ़ें: प्रयागराज में खाकी शर्मसार! सरेआम जाम छलकाते दिखे दीवान जी, बोले- ‘सब वर्दी की ही देन’
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





