Bharat Express DD Free Dish

यूपी से राज्यसभा जाएंगी स्मृति ईरानी? 10 सीटों का गणित गरम, सपा भी उतारेगी 3 उम्मीदवार

यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के चुनाव के लिए BJP में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन जारी है. स्मृति ईरानी समेत 25 नामों का पैनल चर्चा में है, जिनमें से 8 नाम तय किए जाने हैं.

BJP Smriti Irani Rajya Sabha

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की तैयारी तेज है

UP Rajya Sabha Election: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राज्यसभा चुनाव (UP Rajya Sabha Election) की सरगर्मी अब तेज हो गई है. 10 सीटों के लिए मंगलवार (29 सितंबर) से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है. बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों ही अपने-अपने उम्मीदवारों को लेकर अंतिम रणनीति बनाने में जुटी हैं. बीजेपी के खेमे में आठ सीटों के संभावित प्रत्याशियों पर चर्चा है.

बीजेपी के पैनल में कई बड़े नाम

बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव के लिए भी संभावित नामों पर विचार हुआ. पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को 25 नामों का पैनल भेजे जाने की खबर है. इनमें स्मृति ईरानी (Smriti Irani), कौशल किशोर, हरीश द्विवेदी, रेखा वर्मा, गीता शाक्य, राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया, प्रियंका रावत, हरदीप सिंह पुरी, बृजलाल, प्रकाश पाल और दुर्विजय शाक्य जैसे नाम शामिल हैं. हालांकि, इनमें से किन आठ नेताओं को मौका मिलेगा, इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है.

यानी फिलहाल स्मृति ईरानी का नाम चर्चा में जरूर है, लेकिन उन्हें यूपी से राज्यसभा भेजे जाने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. बीजेपी की अगली बैठक के बाद नामों पर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.

सपा के तीन उम्मीदवारों पर नजर

दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी भी तैयारी में जुटी है. पार्टी तीन उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है और इसके लिए विधानसभा से तीन नामांकन पत्र खरीदे जाने की बात सामने आई है. इन पत्रों पर पार्टी विधायकों के हस्ताक्षर कराए जाएंगे. उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम फैसला सपा नेतृत्व को करना है.


ये भी पढ़ें: ‘जीतते-जीतते कैसे हार गए?’ DUSU चुनाव नतीजों पर भड़के राहुल गांधी, कन्हैया-जाखड़ की लगाई क्लास!


चुनाव कार्यक्रम

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है. 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे. जरूरत पड़ने पर 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा. वोटों की गिनती उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी. पूरी चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी की जानी है.

उत्तर प्रदेश की इन 10 सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है. ऐसे में अगले कुछ दिनों में बीजेपी और सपा के उम्मीदवारों के नाम सामने आने के साथ राज्यसभा का सियासी गणित और दिलचस्प हो सकता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read