Rampur road accident
UP News: रामपुर/सुरेश दिवाकर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा टांडा थाना क्षेत्र में टांडा-मुरादाबाद रोड पर हाजी क्लॉथ हाउस के सामने हुआ. तेज रफ्तार ईको कार सड़क किनारे खड़े मक्का से लदे ट्रक के पीछे जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
कार में सवार थे सात लोग
पुलिस के मुताबिक हादसे के समय ईको कार में कुल सात लोग सवार थे. दुर्घटना में कार्तिक, नीरज, गुलबुद्दीन उर्फ सोनू और अभिषेक अग्निहोत्री की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं विशाल अग्निहोत्री, कमल प्रजापति और जतिन राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया.
घायलों को किया गया रेफर
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. घायलों का इलाज जारी है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) मौके पर पहुंचे और बाद में जिला अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना. जिलाधिकारी (डीएम) ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराने की बात कही है.
ये भी पढ़ें: घर की महिलाओं के साथ युवक कर रहा ये गंदा काम, साइबर पुलिस ने ऐसे दबोचा
पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और सामने खड़े ट्रक को समय रहते नहीं देख पाने की वजह से हादसा हुआ. हालांकि दुर्घटना की सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

