Bharat Express DD Free Dish

संभल में गरजा ‘बाबा’ का बुलडोजर! ईदगाह हुई जमींदोज, इमामबाड़े पर भी एक्शन से मचा हड़कंप

Sambhal Bulldozer Action: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने अवैध कब्जे के आरोप में ईदगाह और इमामबाड़े पर बुलडोजर कार्रवाई की. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ईदगाह को गिरा दिया गया.

UP Sambhal Bulldozer Action

रिपोर्ट- अंसार


Sambhal Bulldozer Action: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के कोतवाली क्षेत्र के बिछोली गांव में शुक्रवार (16 अप्रैल) सुबह प्रशासन की बड़ी कार्रवाई से माहौल गर्म हो गया. सुबह करीब 8 बजे ईदगाह और इमामबाड़े पर बुलडोजर चलाया गया. इस दौरान ईदगाह को पूरी तरह गिरा दिया गया, जबकि इमामबाड़े को भी कई बुलडोजरों की मदद से ध्वस्त किया जा रहा है.

भारी पुलिस बल की तैनाती

कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए. मौके पर 5 थानों की पुलिस फोर्स और एक कंपनी पीएसी तैनात रही. पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया. जैसे ही कुछ ग्रामीण विरोध के लिए इकट्ठा हुए, पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया ताकि हालात बिगड़ने न पाएं.

अवैध कब्जे का आरोप

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध कब्जे के खिलाफ की गई है. अधिकारियों के मुताबिक, करीब 7 बीघा चारागाह की जमीन पर ईदगाह बनाई गई थी. वहीं, खाद गड्ढे की जमीन पर इमामबाड़ा बना लिया गया था. इस मामले में ग्रामीणों की शिकायत के बाद 18 जनवरी को लेखपाल द्वारा तहसीलदार कोर्ट में केस दर्ज किया गया था.

प्रशासन के अनुसार, 31 जनवरी को कोर्ट के आदेश पर नोटिस जारी किया गया था और इसे अखबार में भी प्रकाशित कराया गया था. इसमें कब्जा करने वालों को अपनी बात रखने का मौका दिया गया था, लेकिन कोई भी पक्ष सामने नहीं आया. इसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया.

अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई

पूरे अभियान के दौरान एसडीएम और नायब तहसीलदार मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई की निगरानी करते रहे. अधिकारियों ने दावा किया कि पूरी प्रक्रिया कानून के तहत की गई है.


ये भी पढ़ें: एनडीपीएस केस में वांछित आरोपी फरार, परिजनों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज


उठे सवाल और नाराजगी

हालांकि इस कार्रवाई के बाद कई सवाल भी उठने लगे हैं. मौके पर मौजूद एक महिला ने आरोप लगाया कि सिर्फ उनकी धार्मिक जगहों को ही निशाना बनाया जा रहा है, जबकि अन्य जगहों पर ऐसी कार्रवाई नहीं होती. फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read