Bharat Express DD Free Dish

राष्ट्रगान बीच में छोड़ अचानक मंच से क्यों उतरे यूपी विधानसभा अध्यक्ष? उठे सवाल

उन्नाव में राष्ट्रगान के दौरान मंच से नीचे उतरकर चले गए यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बहस छिड़ गई है.

UP Speaker Satish Mahana Leaves During National Anthem In Unnao Viral Video Bharat Express

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आयोजित उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रांतीय अधिवेशन में उस समय एक असहज स्थिति बन गई, जब यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना गार्ड ऑफ ऑनर के ठीक बाद राष्ट्रगान के दौरान ही सलामी मंच से उतरकर चले गए. इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

मंच से उतरे और गाड़ी में बैठकर निकल गए

कानपुर की महाराजपुर सीट से विधायक और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना शनिवार को उन्नाव के पूरन नगर स्थित एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे. प्रोटोकॉल के तहत पुलिस ने उन्हें सलामी मंच पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया. जैसे ही गार्ड ऑफ ऑनर समाप्त हुआ, तुरंत राष्ट्रगान शुरू हो गया.

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि राष्ट्रगान बजते ही महाना अचानक सलामी मंच से पीछे मुड़े और अपने कान के पास कुछ ठीक करते हुए नीचे उतर आए. इस दौरान वहां मौजूद कुछ समर्थक उनके पास आ गए और उनके पैर छूने लगे. राष्ट्रगान बजने के बावजूद महाना अपनी गाड़ी की तरफ बढ़े और बैठकर वहां से रवाना हो गए.

‘जेन जी’ पर दी अपनी राय

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए महाना ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण सैकड़ों वर्षों के संघर्ष का परिणाम है और इसके लिए दी गई राशि आस्था का प्रतीक है, जिसे वापस मांगने की बात लोगों को आहत करती है. विधानसभा के संचालन पर उन्होंने कहा कि उन्होंने कई बार विपक्ष से हाथ जोड़कर सदन में बात रखने की अपील की, लेकिन वे तैयार नहीं हुए.

वहीं युवाओं और ‘Gen Z’ आंदोलन को लेकर पूछे गए सवाल पर सतीश महाना ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए माता-पिता हमेशा सोचते हैं. किसी व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले परिस्थितियों को समझना जरूरी होता है. उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी बात कहने का पूरा अधिकार है, लेकिन यह संस्कार और मर्यादा के दायरे में होना चाहिए.

यह भी पढ़ें: ऑनलाइन गेम में डूबे 9 लाख तो मकान मालिक के घर डाल दिया ‘डाका’! गाजियाबाद पुलिस ने ऐसे पकड़ा हाईटेक चोर

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read