Bharat Express DD Free Dish

PM मोदी के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन काशी में महिला शक्ति का प्रदर्शन, सीएम योगी बोले- विपक्ष के खिलाफ ‘आधी आबादी’ के भीतर आक्रोश

वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन बरेका इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में सियासी संदेशों के साथ महिला सशक्तिकरण का व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला.

PM Modi Varanasi Visit Massive Cleanliness Drive in Kashi 250 Ton Extra Waste Removed

वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन बरेका इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में सियासी संदेशों के साथ महिला सशक्तिकरण का व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला. जहां सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘नए भारत’ की तस्वीर पेश की, वहीं विपक्ष पर तीखा प्रहार भी किया.

उन्होंने कहा कि ‘आधी आबादी’ के भीतर विपक्ष के खिलाफ आक्रोश साफ दिखाई दे रहा है. प्रधानमंत्री बरेका इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में शामिल हुए और मंच से उपस्थित महिलाओं का अभिवादन किया. सम्मेलन के मंच पर प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व सहित बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी मौजूद रहीं. कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक स्वागत भी देखने को मिला, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने प्रधानमंत्री को काष्ठ कलाकृति भेंट की.

विभिन्न संगठनों की ओर से जीआई टैग से जुड़े उत्पाद—जरदोजी, मोर आकृति, पंचमुखी गणेश प्रतिमा और नमो घाट के प्रतीक चिह्न—भी उन्हें स्मृति स्वरूप प्रदान किए गए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से की और प्रधानमंत्री मोदी को ‘नए भारत का शिल्पकार’ बताते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की.

उन्होंने कहा कि देश आज तेजी से विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसमें समग्र विकास की अवधारणा को साकार किया जा रहा है. सीएम योगी ने काशी के बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शहर एक बार फिर आध्यात्मिक चेतना के केंद्र के रूप में स्थापित हुआ है. उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में काशी में हजारों करोड़ रुपए की विकास परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं और कई योजनाएं प्रगति पर हैं. इसी क्रम में प्रधानमंत्री द्वारा हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित है.

महिला अधिकारों पर केंद्र और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर

महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के अधिकारों को लेकर प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में उठाए गए कदमों का जिक्र किया और आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने इसमें बाधा डालने की कोशिश की है.

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री के उस दृष्टिकोण का भी उल्लेख किया, जिसमें समाज को चार वर्गों—नारी, गरीब, युवा और अन्नदाता—में विभाजित कर समग्र विकास की बात कही गई है. उन्होंने कहा कि सरकार इन सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है. भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति को मुख्यमंत्री ने जनसमर्थन का संकेत बताया. उन्होंने कहा कि महिलाएं दोपहर से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गई थीं, जो इस सम्मेलन की सफलता और जनविश्वास को दर्शाता है.

ये भी पढ़ें: ‘सपा-कांग्रेस ने महिलाओं को हक से वंचित रखा, अब कोई कोर-कसर नहीं छोड़ूंगा’, काशी में गरजे पीएम मोदी

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read