Bharat Express DD Free Dish

जन-जन तक पहुंचे मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां, सीएम योगी ने दिया बूथ स्तर तक संवाद करने का मंत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यशाला में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार और लाभार्थियों से संवाद पर जोर दिया.

मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ थीम पर हुई इस कार्यशाला की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि से हुई. सीएम योगी ने कहा कि आजादी के अमृत काल में देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में प्रभावशाली नेतृत्व प्राप्त होना हम सभी का सौभाग्य है.

सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संवाद का मंत्र देते हुए कहा कि मोदी सरकार की 11 साल उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाना हम सब की जिम्मेदारी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर वर्ग और संगठन को इस अभियान से जोड़ने और लाभार्थियों के अनुभव साझा करने की अपील की.

मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां

सीएम योगी ने कहा कि अमृत काल में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय हैं. इन उपलब्धियों को प्रदेश, जनपद, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी. उन्होंने प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की रूपरेखा का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने पहले भी उत्तर प्रदेश सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियों को हर बूथ तक पहुंचाया था. अब केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को अखिल भारतीय स्तर पर प्रचारित करने का समय है, जिसमें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां शामिल होंगी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केवल पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीमित न रहें, बल्कि आम जन, पेशेवर समूहों, और लाभार्थियों को भी अभियान से जोड़ें. उन्होंने हाल के विधानसभा उपचुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि संगठन, मोर्चा, और प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठकें प्रभावी रही हैं. बीजेपी के छह मोर्चे और 22-23 प्रकोष्ठ समाज के हर वर्ग जैसे अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षक, छात्र, और लाभार्थी को समाहित करते हैं. इन समूहों के साथ गोष्ठियां आयोजित कर, उनके बीच से वक्ताओं को चुनकर योजनाओं का प्रभावी प्रचार किया जा सकता है.

आयुष्मान भारत योजना से लाभान्वित हो रहे हैं- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले किसी परिवार में बीमारी संकट बन जाती थी, लेकिन आज देश के 50 करोड़ और उत्तर प्रदेश के 10 करोड़ लोग इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं. आयुष्मान भारत वय वंदन योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को बिना किसी भेदभाव के 5 लाख रुपये तक की मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से शक्ति केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड वितरित करने का आह्वान किया, ताकि लाभार्थी सरकार के प्रति कृतज्ञता महसूस करें.

प्रदेश में बढ़ी एम्स और मेडिकल कॉलेज की संख्या- योगी

योगी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रगति का जिक्र करते हुए बताया कि 2014 से पहले देश में केवल एक एम्स था. अटल बिहारी वाजपेयी ने छह एम्स स्थापित किए, और मोदी सरकार ने 22 नए एम्स बनाए, जिनमें उत्तर प्रदेश में दो एम्स शामिल हैं. ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ की परिकल्पना ने सुदूर क्षेत्रों जैसे महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, और मिर्जापुर में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए, जो रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को गर्व के साथ प्रचारित करने को कहा, ताकि विरोधियों के दुष्प्रचार का जवाब दिया जा सके.

वंचितों को मिल रहा है हर योजना का लाभ- मुख्यमंत्री

सीएम योगी ने हर घर नल योजना, उज्ज्वला योजना, और प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता पर भी जोर दिया. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 60 लाख गरीबों को मकान, बिजली कनेक्शन, राशन कार्ड, और पेंशन जैसी सुविधाएं मिली हैं. विशेष रूप से कोल, मुसहर, और थारू जैसी वंचित जातियों को 100 प्रतिशत योजनाओं का लाभ दिया गया. सीएम योगी ने एक कोल समुदाय के व्यक्ति से मुलाकात का जिक्र किया, जो सरकार की योजनाओं से प्रभावित होकर केवल धन्यवाद देने आया था. उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे लाभार्थियों को चिन्हित कर उनके अनुभव साझा करने का आग्रह किया.

पुनर्जनन्म ने बदली उत्तर प्रदेश की छवि- सीएम

मुख्यमंत्री ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जन्म का श्रेय भी मोदी सरकार को दिया. उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास और प्राण प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम का पुनरुद्धार और महाकुंभ जैसे आयोजन उत्तर प्रदेश की छवि को बदल रहे हैं. मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने अयोध्या को गौरव प्रदान किया. सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से तिरंगा यात्रा, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर स्मरण, और विश्व योग दिवस जैसे कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और नदी पुनर्जन्म कार्यक्रम में भागीदारी का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मोर्चा और प्रकोष्ठों को सक्रिय करें, चिकित्सकों और अधिवक्ताओं के सम्मेलन आयोजित करें और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचारित करें. यह अभियान न केवल बीजेपी का प्रचार करेगा, बल्कि समाज के हर वर्ग को सरकार की योजनाओं से जोड़ेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्ष सेवा, सुरक्षा, और सुशासन की यात्रा हैं. उत्तर प्रदेश डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. यह कार्यशाला कार्यकर्ताओं के लिए एक अवसर है, जिससे वे जनता के बीच जाकर विकसित भारत के सपने को साकार करने में योगदान दें.

बीजेपी पधाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

मोदी सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए बीजेपी पदाधिकारियों ने प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं में जमकर जोश भरा. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जनहित की योजनाओं से ही आज देश को गरीबी से बाहर निकलने में मील का पत्थर साबित हो रही है, देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कर प्रगति की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है. वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है. आंतरिक सुरक्षा से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा तक में भारत ने दुनिया के लिए उदाहरण बना है. उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर समाज के हर वर्ग के साथ जुड़ने की जरूरत है. पहलगाम की घटना के बाद भारत ने कैसे पाकिस्तान पेषित आतंकवाद को सबक सिखाया उससे हर व्यक्ति को जानने की जरूरत है.

उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में तरह तरह के कार्यक्रम का खाका तैयार किया जा चुका है, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं की भागीदारी जरूरी है, जिसके माध्यम से हम आमजन से जुड़ेंगे. प्रदेश महामंत्री संगठन, धर्मपाल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 11 साल में भारत ने ऐतिहासिक उपल्धियां हासिल किया है.

आज हम दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं. हम उपलब्धियों को लेकर 09 जून से 21 जून तक देश और प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है. इस अभियान को जन-जन तक ले जाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना है. जिसमें प्रदेश, जिला, मंडल व बूथ स्तर पर कार्यक्रम किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि एक निश्चित रणनीति के तहत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

सरकार की योजनाओं को की जन-जन तक पहुंचाने की अपील की

उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार द्वारा शुरू की गरीब कल्याण की योजनाओं और प्रगति के बारे में बताना जरूरी है. उन्होंने कहा कि 2014 के पहले आवास, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहे लोगों तक आज कैसे सुविधाएं पहुंच रही है, इसके बारे में आमजन को बताना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है.

वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मोदी सरकार के 11 साल की हर उपलब्धियों का जिक्र किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कि पीएम मोदी की वजह से आज भारत की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है. हमारी अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है, गांव, गरीब, किसान महिला सभी के लिए योजनाएं चल रही है, उसके बारे में लोगों को बताना जरूरी है.

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, दोनों उपमुख्मंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, भाजपा प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, बसंत त्यागी, भूषण सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल समेत भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: नाबालिग लड़की को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी सपा विधायक की सशर्त जमानत मंजूर

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read