Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

ना ठाकुर, ना ब्राह्मण… जिस पर यह समाज मेहरबान, उसी के हाथ आती है यूपी की सत्ता! CM योगी ने किसे किया याद?

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में पासी समाज की आबादी करीब 1.25 करोड़ बताई जाती है. 2027 विधानसभा चुनाव से पहले वीरांगना ऊदा देवी पासी को श्रद्धांजलि देकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सियासी संदेश दिया है. जानिए यूपी की राजनीति में पासी वोटबैंक कितना अहम है.

yogi-adityanath-pasi-vote-bank-up-politics

सीएम योगी ने वीरांगना ऊदा देवी को श्रद्धांजलि दी. (इमेज-x.com/yogiadityanath)

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है. सत्ता की इस लड़ाई में हर पार्टी की नजर ऐसे जातीय समीकरणों पर है, जो चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की ताकत रखते हैं. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वीरांगना ऊदा देवी पासी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देना सियासी तौर पर काफी अहम माना जा रहा है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में ऊदा देवी पासी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को याद किया. उन्होंने वीरांगना के बलिदान को भारतीय इतिहास की गौरवशाली विरासत का हिस्सा बताया. लेकिन यूपी की राजनीति में इस श्रद्धांजलि के राजनीतिक संदेश को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. दरअसल पासी समाज सूबे का ऐसा दलित वर्ग है, जिसका प्रभाव कई विधानसभा सीटों पर माना जाता है. ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या बीजेपी 2027 से पहले इस वोटबैंक को अपने पाले में बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रही है?

यूपी की सियासत में कितना अहम है पासी वोटबैंक?

उत्तर प्रदेश में दलित आबादी करीब 21 फीसदी है. इस बड़े सामाजिक वर्ग में जाटव समुदाय की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है. वहीं पासी समाज दूसरे नंबर पर आता है. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, पासी समुदाय प्रदेश की कुल आबादी का करीब 3.2 फीसदी है. वहीं दलित आबादी में इसकी हिस्सेदारी लगभग 15.8 फीसदी बताई गई है.

हालांकि पासी समाज दावा करता है कि यूपी में पासी-पासवान समुदाय की आबादी करीब 1.25 करोड़ है. प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से कम से कम 103 सीटों पर इस समुदाय का चुनावी प्रभाव माना जाता है. इनमें करीब 65 से 70 सीटें ऐसी हैं, जहां पासी मतदाताओं की भूमिका बेहद अहम हो सकती है.

यानी संख्या के लिहाज से भले ही पासी समाज प्रदेश का सबसे बड़ा वोटबैंक न हो, लेकिन कई सीटों पर उसका समर्थन चुनावी मुकाबले का रुख बदल सकता है. यही वजह है कि बीजेपी से लेकर सपा और कांग्रेस तक सभी दल इस समुदाय को साधने की कोशिश करते हैं.

अवध और पूर्वांचल में मजबूत पकड़

पासी समाज का सियासी प्रभाव खासतौर पर अवध और पूर्वांचल के इलाकों में देखने को मिलता है. रायबरेली, अमेठी, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, उन्नाव, सीतापुर, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, बस्ती, गोंडा और प्रतापगढ़ जैसे जिलों में पासी मतदाता चुनावी समीकरणों को एकतरफा कर देते हैं.

इन इलाकों में कई सीटों पर पासी वोटों का बिखराव या एकजुटता जीत-हार के अंतर को प्रभावित कर सकती है. इसलिए राजनीतिक दलों की कोशिश रहती है कि इस समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत की जाए.

बीजेपी के पुराने वोटबैंक पर सपा-कांग्रेस की भी नजर

2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में पासी समुदाय का समर्थन बड़े पैमाने पर बीजेपी की तरफ जाता दिखाई दिया था. लेकिन अब विपक्षी दल भी इस सामाजिक आधार में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की नजर उन दलित मतदाताओं पर है जिन्हें अपने साथ जोड़कर वे बीजेपी को चुनौती दे सकें.

बीजेपी के लिए भी पासी समाज का समर्थन बनाए रखना जरूरी है. अगर इस वोटबैंक में विपक्षी दल सेंध लगाने में कामयाब होते हैं तो इसका असर अवध और पूर्वांचल की कई सीटों पर दिख सकता है.

ऊदा देवी पासी के जरिए सियासी संदेश?

वीरांगना ऊदा देवी पासी का नाम पासी समाज के गौरव और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा है. ऐसे में उनकी पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का श्रद्धांजलि देना सामाजिक सम्मान के साथ-साथ एक राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है.

ये भी पढ़ें- लखनऊ के सुनियोजित विकास को मिलेगी रफ्तार: IAS अनुज सिंह ने संभाला LDA उपाध्यक्ष का कार्यभार, GDA के भी रह चुके हैं VC

राजनीति में महापुरुषों और ऐतिहासिक नायकों की विरासत को याद करना अक्सर सामाजिक गोलबंदी और वोटबैंक की राजनीति से भी जुड़ जाता है. बीजेपी के लिए ऊदा देवी पासी के शौर्य और बलिदान को प्रमुखता देना पासी समाज के बीच अपनी राजनीतिक पैठ मजबूत करने का जरिया बन सकता है. ऐसे में योगी आदित्यनाथ ने अपने तरकश से चलाए इस तीर से एक साथ कई निशाना लगाए हैं. अब देखने वाली बात है कि यह कितना काम करता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026