PM Modi AI Summit Live: आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस महासम्मेलन और एआई एक्सपो का दौरा किया, जहां 65 देशों और 600 से अधिक स्टार्टअप्स का महाकुंभ लगा है. केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री के विजन को स्पष्ट करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का ‘लोकतंत्रीकरण’ करना है, ताकि इस अत्याधुनिक तकनीक का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके. इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष समिट की थीम ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ रखी गई है, जो मानवता और समावेशी विकास के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
दिनभर का व्यस्त कार्यक्रम और कूटनीतिक बैठकें
प्रधानमंत्री मोदी आज पूरे दिन एआई के भविष्य की रूपरेखा तय करने वाले कई अहम सत्रों का नेतृत्व कर रहे हैं. सुबह एक्सपो के उद्घाटन और विभिन्न देशों के पवेलियन का अवलोकन करने के बाद, वे दोपहर में राष्ट्राध्यक्षों और मंत्रियों के साथ एक पूर्ण सत्र में शामिल होंगे. इसके अलावा, कूटनीतिक मोर्चे पर भी उनका दिन बेहद व्यस्त रहने वाला है.
ये भी पढ़ें: बिल गेट्स ने रद्द किया AI Summit का कीनोट एड्रेस, U-Turn का फैसला क्यों?
एआई सम्मेलन के बीच प्रधानमंत्री आज दोपहर से लेकर शाम तक अबू धाबी के क्राउन प्रिंस, नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री, स्विस राष्ट्रपति और ग्रीस के प्रधानमंत्री के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. वहीं, शाम 5:30 बजे वे ग्लोबल टेक दिग्गजों के साथ एक अहम ‘सीईओ गोलमेज सम्मेलन’ (CEO Roundtable) की अध्यक्षता करेंगे, जहां निवेश, सप्लाई चेन और एआई रिसर्च पर बड़ी चर्चा होगी.
सुंदर पिचाई का भावुक संबोधन
समिट के दौरान गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई का संबोधन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. उन्होंने भारत की तेजी से बदलती तकनीकी यात्रा को देखकर हैरानी और खुशी जताई. अपने छात्र जीवन को याद करते हुए पिचाई ने बताया कि कैसे वे चेन्नई से खड़गपुर जाते समय कोरोमंडल एक्सप्रेस से शांत तटीय शहर विशाखापट्टनम से गुजरते थे. उन्होंने मंच से एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि गूगल अब उसी विशाखापट्टनम में एक ‘फुल‑स्टैक एआई हब’ स्थापित कर रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



