Bharat Express DD Free Dish

बिल गेट्स ने रद्द किया AI Summit का कीनोट एड्रेस, U-Turn का फैसला क्यों?

Bill Gates Skips Keynote at AI Summit: दिल्ली के भारत मंडपम में आज दुनिया भर के दिग्गजों की नजरें बिल गेट्स पर टिकी थीं. लेकिन आखिरी वक्त पर माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर ने मंच पर आने से इनकार कर दिया. आइये जानते हैं क्या है इसके पीछे का कारण?

Gates Foundation Withdraws Bill Gates from AI Summit Keynote

Bill Gates Skips Keynote at AI Summit: माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और अरबपति बिल गेट्स ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ (India AI Impact Summit) में अपना कीनोट एड्रेस (मुख्य भाषण) रद्द कर दिया है. यह बड़ा फैसला ऐसे समय में आया है जब दिवंगत यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन (Jeffrey Epstein) से जुड़ी विवादित फाइलों में बिल गेट्स का नाम सामने आने के बाद उन्हें सोशल मीडिया और वैश्विक स्तर पर भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है.

अब अंकुर वोरा करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व (Ankur Vora In AI Summit)

हैरानी की बात यह है कि गेट्स फाउंडेशन ने एक दिन पहले ही गेट्स के संबोधन की पुष्टि की थी, लेकिन गुरुवार को अचानक अपना फैसला पलट दिया. गेट्स फाउंडेशन ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि गहन विचार-विमर्श के बाद और यह सुनिश्चित करने के लिए कि पूरा ध्यान AI समिट की प्रमुख प्राथमिकताओं पर बना रहे, मिस्टर गेट्स अपना कीनोट एड्रेस नहीं देंगे.

अब इस समिट में गेट्स फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व अफ्रीका और भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा करेंगे. फाउंडेशन ने स्पष्ट किया है कि वह भारत में स्वास्थ्य और विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

क्या है ‘एपस्टीन फाइल्स’ विवाद?

पिछले महीने अमेरिकी न्याय विभाग ने जेफ्री एपस्टीन (जिसने 2019 में जेल में आत्महत्या कर ली थी) से जुड़े कई दस्तावेज सार्वजनिक किए थे. इन दस्तावेजों में मौजूद एक ड्राफ्ट ईमेल में एपस्टीन ने दावा किया था कि उसने बिल गेट्स को ड्रग्स हासिल करने और महिलाओं के साथ उनके कथित अवैध संबंधों को सुविधाजनक बनाने में मदद की थी.

ये भी पढ़ें: भारत के बासमती ने अमेरिका में गाड़े झंडे, खुशबू और स्वाद ने दिलाया बंपर ऑर्डर

बिल गेट्स ने इन सभी आरोपों को “बिल्कुल बेतुका और पूरी तरह से झूठा” करार दिया है. हाल ही में ‘9News Australia’ को दिए एक इंटरव्यू में गेट्स ने कहा कि मैंने उसके साथ बिताए गए हर एक मिनट पर पछतावा किया है और मैं माफी मांगता हूं. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे एपस्टीन से 2011 में मिले थे और उनका मकसद केवल वैश्विक स्वास्थ्य के लिए फंड जुटाना था, लेकिन वह रास्ता गलत साबित हुआ.

आंध्र प्रदेश दौरे पर भी हुआ विरोध

इस हफ्ते की शुरुआत में बिल गेट्स आंध्र प्रदेश के दौरे पर थे, जहां गन्नवरम एयरपोर्ट पर राज्य के मंत्री नारा लोकेश ने उनका भव्य स्वागत किया था. हालांकि, उनके इस भारत दौरे को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. कई यूजर्स ने एपस्टीन विवाद को लेकर उन्हें निशाना बनाया और आरोप लगाया कि गेट्स भारत को अपनी टेस्टिंग लैब और भारतीयों को लैब के चूहों की तरह इस्तेमाल करते हैं.

समिट में आज दिग्गजों का जमावड़ा (PM Modi In AI Summit)

सोमवार से शुरू हुआ छह दिवसीय ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ अब तक का सबसे बड़ा आयोजन है. इससे पहले यह समिट 2023 में यूके, 2024 में दक्षिण कोरिया और 2025 में फ्रांस में आयोजित हो चुका है. समिट के चौथे दिन कई वैश्विक हस्तियां शिरकत कर रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सभा को संबोधित करेंगे. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस का भी संबोधन होगा. टेक और बिजनेस जगत से सैम ऑल्टमैन (Sam Altman) और मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) भी अपने विचार रखेंगे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read