AI ENHANCED IMAGE
Delhi Metro Viral Video: दिल्ली मेट्रो में सफर के दौरान अक्सर मोबाइल, पर्स या अन्य सामान खोने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. लेकिन सोचिए, अगर किसी परिवार का छोटा बच्चा भीड़भाड़ के बीच अपनी मां से बिछड़ जाए, तो उस मां और बच्चे पर क्या गुजरती है. हाल ही में सोशल मीडिया पर दिल्ली मेट्रो का एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने देखने वाले हर शख्स का दिल पिघला दिया है. गनीमत यह रही कि समय रहते CISF के जवानों और मेट्रो स्टाफ ने गजब की सूझबूझ दिखाई और रोते-बिलखते बच्चे को सुरक्षित उसकी मां से मिला दिया.
क्या था पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, यह घटना दिल्ली मेट्रो की व्यस्त मैजेंटा लाइन की है. यहां 8 से 10 साल का एक बच्चा अचानक अपनी मां से बिछड़कर अकेला रह गया. जब मेट्रो स्टाफ की नजर इस बच्चे पर पड़ी, तो उन्होंने उससे पूछताछ शुरू की. बच्चे को अपने माता-पिता के नाम और घर का पता तो अच्छी तरह याद था, लेकिन उसे परिवार में किसी का भी मोबाइल नंबर याद नहीं था. ऐसे में स्टाफ के लिए उसके घर वालों तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं था.
इसके बावजूद, मेट्रो कर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी. बच्चे से मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने तुरंत अपने नेटवर्क का इस्तेमाल किया और ओखला बर्ड सैंक्चुरी मेट्रो स्टेशन पर उसके परिजनों से संपर्क साध लिया. बच्चे के सुरक्षित होने की खबर मिलते ही उसकी मां बदहवास हालत में तुरंत स्टेशन पहुंची.
मां-बेटे का मिलाप देख नम हो गईं आंखें
जैसे ही मां ने अपने जिगर के टुकड़े को सुरक्षित देखा, उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े और वह दौड़कर अपने बेटे से लिपट गई. यह पल इतना भावुक करने वाला था कि वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं. मां के सीने से लगते ही बच्चा भी फफक-फफक कर रो पड़ा. कुछ देर तक शांत होने के बाद भी बच्चा अपनी मां को छोड़ने को तैयार नहीं था और काफी देर तक उनसे लिपटा रहा.
सुरक्षित अपने घर लौटने से पहले मां ने अपने बेटे को सही सलामत वापस लौटाने के लिए दिल्ली मेट्रो के कर्मचारियों और CISF जवानों का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया.
ये भी पढ़ें- 100 रुपये की रिश्वत ने छीनी वर्दी, वीडियो वायरल होते ही एक्शन में पुलिस
सोशल मीडिया पर छाई सराहना
इस पूरी घटना का वीडियो जैसे ही इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया, वह जंगल में आग की तरह फैल गया. वीडियो के कैप्शन में लिखा है कि आज मेट्रो में खोए हुए बच्चे को उसकी फैमिली से मिला दिया गया. इस वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं. सोशल मीडिया यूजर्स मेट्रो स्टाफ और CISF जवानों की तत्परता, सूझबूझ और संवेदनशीलता की जमकर तारीफ कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि ड्यूटी के साथ-साथ इस तरह की इंसानियत और जिम्मेदारी निभाना वाकई सराहनीय है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

