नागपुर के बैंक में फिल्मी स्टाइल में चोरी
Nagpur Bank Robbery: महाराष्ट्र के नागपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे पढ़कर किसी फिल्मी सीन की याद आ जाए. यहां एक 28 साल के बेरोजगार युवक ने बैंक के अंदर ऐसी चालाकी दिखाई कि सब दंग रह गए. आरोपी ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में लाल मिर्च की चटनी झोंककर 4.53 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गया. हालांकि, बैंक स्टाफ की मुस्तैदी और पुलिस की तत्परता से आरोपी ज्यादा दूर तक नहीं भाग सका और कुछ ही मिनटों में दबोच लिया गया.
चटनी फेंककर कैश बैग लेकर भागा आरोपी
यह पूरी घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे नागपुर के भांडे प्लॉट इलाके में स्थित एक बैंक शाखा में घटी. दरअसल, कुछ बैंक कर्मचारी एटीएम से कैश निकालकर एसबीआई की शाखा में वापस लौट रहे थे. इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उसने कर्मचारियों की आंखों में अचानक चटनी फेंक दी. जब तक कोई कुछ समझ पाता, वह पैसों से भरा बैग लेकर वहां से रफूचक्कर हो गया. बैंक के अंदर हुई इस वारदात का पूरा वाकया सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अगले दिन सोशल मीडिया पर भी सामने आया.
पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में की घेराबंदी
रुपये लेकर भागते देख बैंक कर्मचारियों ने हिम्मत नहीं हारी और चिल्लाते हुए उसका पीछा करना शुरू कर दिया. गनीमत यह रही कि उसी दौरान वहां गश्त कर रहे सुरक्षाकर्मी और पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्होंने भागते हुए शख्स को देख लिया. बैंक स्टाफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद महज 30 मिनट के भीतर आरोपी को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर दबोच लिया गया. पुलिस ने उसके पास से लूटी गई पूरी 4.53 लाख रुपये की रकम सुरक्षित बरामद कर ली है.
ये भी पढ़ें- ‘चोर-चोर’ के नारे लगा हेडमास्टर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा!’ छात्रों का VIDEO वायरल, एक्शन में आई बंगाल सरकार
बेरोजगारी और तंगी बनी वारदात की वजह
पकड़े गए आरोपी की पहचान नागपुर ग्रामीण के भीवापुर तालुका स्थित तातोली गांव के रहने वाले 28 वर्षीय सूरज भोजराज बोरकर के रूप में हुई है. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि सूरज ने बीएससी तक की पढ़ाई की है, लेकिन फिलहाल वह पूरी तरह बेरोजगार था. पुलिस का मानना है कि नौकरी न मिलने की वजह से उपजी आर्थिक तंगी के चलते ही उसने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का प्लान बनाया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





