Bharat Express DD Free Dish

पाकिस्तान में आतंकवादियों का कहर! पाक फौज के 19 सैनिकों की मौत, क्या अफगानिस्तान है जिम्मेदार?

TTP Attack Pak Army: पाकिस्तानी सेना ने 10 से 13 सितंबर के बीच खैबर पख्तूनख्वा के अलग-अलग इलाकों में तहरीक-ए-तालिबान (पाकिस्तान) के आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की. इस कार्रवाई में करीब 45 आतंकवादी मार गिराये गए.

TTP Attack Pak Army

TTP Attack Pak Army: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकवादियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में पाक सेना को भारी क्षति उठानी पड़ी. जानकारी के अनुसार सेना और आतंकियों के बीच हुई झड़पों में पाक सेना के 19 जवानों की मौत हो गई है. वहीं पाक सेना ने दावा किया है कि उसने इस अभियान के दौरान 45 आतंकवादियों को मार गिराया है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पूरी ताकत से आतंकवादियों को जवाब देने की बात कही है.

पाकिस्तानी अखबार ‘द डॉन’ के मुताबिक पाकिस्तानी सेना ने 10 से 13 सितंबर के बीच खैबर पख्तूनख्वा के अलग-अलग इलाकों में तहरीक-ए-तालिबान (पाकिस्तान) के आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की. इस कार्रवाई में करीब 45 आतंकवादी मार गिराये गए.

आसिम मुनिर के साथ पाक फौज के चीफ ने किया दौरा

वहीं रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट में इस हवाले से बताया गया है कि ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पाक सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनिर के साथ बनू का दौरा किया. इस दौरान वहां एक उच्च स्तरीय बैठक में हिस्सा लिया. बैठक में उन्होंने कहा कि, आतंकवादियों के खिलाफ पाकिस्तानी सेना का ये अभियान पूरी ताकत से जारी रहेगा. उन्होंने ये भी कहा कि अब किसी भी समझौते को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

अफगानिस्तान को ठहराया जिम्मेदार

इस दौरान शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान में आतंकी हमलों के लिए अफगानिस्तान को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादी नेता अफगानिस्तान से अपनी गतिविधियां चला रहे हैं.

शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान में हो रहे आतंकी हमलों में अफगान नागरिकों के शामिल होने की बात कही. उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द पाकिस्तान में रह रहे अफगानी नागरिकों को वापस भेजा जाए.

ISPR ने की पुष्टि

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग ISPR ने पाकिस्तानी सेना के इस ऑपरेशन की जानकारी दी है. ISPR के अनुसार पाक फौज ने पाकिस्तान के बजौर जिले में एक खुफिया ऑपरेशन के दौरान 22 TTP चरमपंथियों को मार गिराने की पुष्टि की है. वहीं खैबर पख्तूनख्वा के साउथ वजीरिस्तान जिले में 13 चरमपंथी मारे गए. इस दौरान पाकिस्तानी फौज के 12 जवानों की मौत हो गई.

ये भी पढ़ें- अंतरिम पीएम बनने के बाद एक्शन में सुशीला कार्की, पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली के खिलाफ केस दर्ज

वहीं लोअर देर जिले के लाल किला मैदान में एक अन्य ऑपरेशन में पाक फौज ने 10 आतंकवादी मार गिराये. इस दौरान 7 सैनिकों की भी मौत हो गई. इन ऑपरेशन्स में आतंकवादियों के पास से भारी मात्रा में गोला बारूद और अन्य हथियार बरामद किये हैं. ISPR ने इस दौरान अफगानिस्तान पर भी हमला बोला. ISPR के मुताबिक इन हमलों में अफगानी नागरिक भी शामिल थे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read