Bharat Express DD Free Dish

Trump-Putin Meeting: अलास्का में ट्रंप-पुतिन की ऐतिहासिक मुलाकात तय, रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने का प्रयास

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) 15 अगस्त को अहम बैठक करने जा रहे हैं.

Trump-Putin Meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) 15 अगस्त को अलास्का में एक अहम बैठक करने जा रहे हैं. इस बैठक का मकसद यूक्रेन (Ukraine) में तीन साल से चल रहे युद्ध को खत्म करने की दिशा में ठोस कदम उठाना है. ट्रंप (Donald Trump) ने इस मुलाकात की जानकारी अपने सोशल मीडिया ‘ट्रूथ’ पर पोस्ट कर दी.

ट्रंप ने अपने पोस्ट में क्या कहा?

ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा कि,

“इस बैठक का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था. हम कुछ जमीन वापस लेंगे, कुछ बदली जाएगी. यह दोनों देशों के हित में होगा.”

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि युद्धविराम समझौते में कुछ क्षेत्रों की अदला-बदली शामिल हो सकती है.

शांति की उम्मीदें

हालांकि यह बैठक एक संभावित शांति समझौते की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि मॉस्को और कीव की शर्तें अभी भी काफी अलग हैं. रूस चाहता है कि यूक्रेन डोनबास और क्रीमिया जैसे कब्जे वाले क्षेत्रों से पीछे हटे, जबकि यूक्रेन किसी भी जमीन छोड़ने को तैयार नहीं है.

ट्रंप का दावा

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अगर उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया होता तो यह युद्ध विश्व युद्ध में बदल सकता था. उन्होंने कहा कि मैंने उसे रोका है और अब हम समाधान की ओर बढ़ रहे हैं.

राजनीतिक और कूटनीतिक असर

यह बैठक 2021 के बाद पहली अमेरिका-रूस शिखर वार्ता होगी. पुतिन की यह अमेरिका यात्रा एक दशक बाद हो रही है, जिससे उन्हें एक तरह की अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिलती है. इससे पहले अमेरिका और उसके सहयोगी उन्हें यूक्रेन युद्ध को लेकर अलग-थलग करने की कोशिश कर रहे थे.

यूक्रेन को दरकिनार करने का प्रयास?

हालांकि, इस बैठक को लेकर कुछ चिंताएं भी हैं. ट्रंप पहले पुतिन से मिलेंगे जेलेंस्की से नहीं, जिससे यूरोप में यह आशंका है कि यूक्रेन को दरकिनार किया जा सकता है.

इसे भी पढ़ें-Bihar News: कैमूर में होटल मालिक के घर पर फायरिंग, पुलिस बल तैनात

क्या होगा आगे?

बैठक से पहले सुरक्षा इंतजामों के चलते तारीख तय करने में देरी हुई. अब सबकी निगाहें इस ऐतिहासिक मुलाकात पर टिकी हैं. क्या यह वाकई युद्ध को खत्म करने की दिशा में निर्णायक कदम होगा या सिर्फ एक राजनीतिक प्रदर्शन यह तो आने वाला समय ही बताएगा.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read