Bharat Express DD Free Dish

सीरिया में पल्मायरा हमले के बाद अमेरिका का बड़ा एक्शन, ISIS ठिकानों पर एयर स्ट्राइक

America Air Strike: सीरिया के पल्मायरा हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत के बाद अमेरिका ने आतंकी संगठन ISIS के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर भारी नुकसान पहुंचाया है.

America Air Strike: सीरिया के पल्मायरा शहर में 13 दिसंबर को हुए घातक हमले में दो अमेरिकी सैनिक और एक सिविलियन इंटरप्रेटर की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य सैनिक घायल हुए थे. इस घटना के बाद अमेरिका ने शनिवार को आतंकी संगठन ISIS के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए दर्जनों ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की.

ऑपरेशन “हॉकआई स्ट्राइक”

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बयान जारी कर बताया कि इस हमले के जवाब में “ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक” शुरू किया गया है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने ISIS के लड़ाकों, उनके बुनियादी ढांचे और हथियार स्थलों को निशाना बनाया है. हेगसेथ ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह कार्रवाई हमारे सैनिकों की शहादत का सीधा जवाब है.

अमेरिका की कड़ी चेतावनी

हेगसेथ ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अगर दुनिया में कहीं भी अमेरिकियों को निशाना बनाया गया तो अमेरिका हमलावरों को ढूंढ निकालेगा और बेरहमी से खत्म कर देगा. उन्होंने दावा किया कि इस ऑपरेशन में ISIS को भारी नुकसान पहुंचा है और कई लड़ाके मारे गए हैं.

क्या है पूरा मामला?

13 दिसंबर को पल्मायरा में एक बंदूकधारी ने अमेरिकी और सीरियाई सेनाओं के काफिले पर गोलीबारी की थी. इस हमले में दो अमेरिकी सैनिक और एक ट्रांसलेटर की मौत हो गई थी. बाद में हमलावर को मार गिराया गया. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, हमलावर सीरियाई सुरक्षा बलों का सदस्य था जिसे कट्टरपंथी विचारों के कारण बर्खास्त किया जाने वाला था.

ये भी पढ़ें-Epstein Sex Scandal: अमेरिका में ट्रंप से जुड़े सेक्स स्कैंडल का सबसे बड़ा खुलासा आज, बिल गेट्स समेत 5 हस्तियों के नाम उजागर

ISIS की भूमिका

हालांकि ISIS ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली लेकिन अमेरिका ने इसे ISIS से जुड़ा मानकर कार्रवाई की. बशर अल-असद सरकार के पतन के एक साल बाद अमेरिकी सैनिकों पर यह पहला बड़ा हमला था. फिलहाल सीरिया में सैकड़ों अमेरिकी सैनिक तैनात हैं, जो ISIS के बचे-खुचे लड़ाकों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read