Bharat Express DD Free Dish

पाकिस्तान में ‘अननोन गनमैन’ का खौफ: लश्कर के सह-संस्थापक को गोलियों से भूना; ‘धुरंधर’ स्टाइल में हुआ भारत के एक और दुश्मन का शिकार

पाकिस्तान के लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी अमीर हमजा पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. हाफिज सईद के करीबी हमजा की हालत गंभीर बताई जा रही है, घटना के बाद आतंकी नेटवर्क में दहशत फैल गई…

Amir Hamza Attack Lahore: पाकिस्तान की सरजमीं पर भारत के दुश्मनों के सफाए का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला लाहौर से सामने आया है, जहाँ आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के संस्थापक सदस्य और कुख्यात आतंकी हाफिज सईद के करीबी अमीर हमजा पर जानलेवा हमला हुआ है.

बता दें कि शहर के एक न्यूज़ चैनल के दफ्तर के बाहर ‘अज्ञात हमलावरों’ ने हमजा को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी. गोलियों से छलनी अमीर हमजा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. इस घटना (Pakistan Terror News) ने एक बार फिर पाकिस्तान के सुरक्षित ठिकानों में छिपे बैठे आतंकियों के बीच दहशत पैदा कर दी है.

कौन है आतंकी अमीर हमजा?(Amir Hamza Lashkar e Taiba)

10 मई 1959 को गुजरांवाला में जन्मा अमीर हमजा महज़ एक आतंकी नहीं, बल्कि लश्कर-ए-तैयबा का मुख्य विचारक (Ideologue) रहा है. वह उस मॉड्यूल का अहम हिस्सा था जिसने 2005 में बेंगलुरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) पर आतंकी हमला किया था.

हालांकि, 2018 में उसने लश्कर से खुद को अलग कर ‘जैश-ए-मनकाफा’ नाम का नया गुट बनाया था, जो जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सक्रिय था. हमजा एक जोशीला वक्ता और लेखक भी माना जाता है, जो युवाओं के ब्रेनवॉश और आतंकी प्रचार-प्रसार में माहिर था. पिछले साल मई में मारे गए आतंकी सैफुल्ला के साथ मिलकर इसने भारत के खिलाफ कई खौफनाक साजिशें रची थीं.

सोशल मीडिया पर ‘धुरंधर’ की चर्चा फिर तेज

इस हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई है. लोग इस घटना को हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर 2’ (Dhurandhar 2) के ‘अननोन गनमैन’ कॉन्सेप्ट से जोड़कर देख रहे हैं. नेटिजेंस का कहना है कि भारत के ‘धुरंधर’ अब रियल लाइफ में भी आतंकियों को उनके अंजाम तक पहुंचा रहे हैं.

घटना को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स लिख रहे हैं कि भारत अब सिर्फ सर्जिकल स्ट्राइक तक सीमित नहीं है, बल्कि ‘अज्ञात हमलावरों’ के जरिए दुश्मनों को घर में घुसकर निशाना बनाने के नए विकल्प भी तैयार हैं. लश्कर के एक और बड़े चेहरे पर हुए इस हमले ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान से लेकर बांग्लादेश तक ‘धुरंधर’ का कहर! सर्जिकल स्ट्राइक से भी कहीं घातक है ये अचूक हथियार, जानिए कैसे करता है काम?

आतंकी गुटों में बढ़ी दहशत

अमीर हमजा पर हुआ यह हमला पाकिस्तान में पिछले कुछ महीनों से जारी उस पैटर्न का हिस्सा है, जिसमें भारत के मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों को एक-एक कर अज्ञात लोग ठिकाने लगा रहे हैं. चाहे वो कश्मीर में घुसपैठ कराने वाले हैंडलर्स हों या बम धमाकों के मास्टरमाइंड, पाकिस्तान का कोई भी शहर अब उनके लिए सुरक्षित नहीं बचा है. इस हमले के बाद आतंकी संगठनों के बीच भी फूट और अविश्वास की खबरें आ रही हैं. फिलहाल, पाकिस्तानी एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं, लेकिन ‘अननोन गनमैन’ का यह खौफ आतंक के आकाओं की नींद उड़ाए हुए है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read