Bharat Express DD Free Dish

BRICS की सफलता देख लाइन पर आया बांग्लादेश, अब भारत से रिश्ते सुधारने की कही बात

Humayun Kabir On BRICS Summit: बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि उनका देश भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को नए सिरे से आगे बढ़ाना चाहता है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते आपसी हितों और सीधे द्विपक्षीय संवाद के आधार पर मजबूत किए जाने चाहिए.

Humayun Kabir On BRICS Summit

BRICS की सफलता देख बांग्लादेश पीएम तारिक रहमान भारत के साथ संबंध सुधारना चाहते हैं (इमेज-Xcom)

Humayun Kabir On BRICS Summit: BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होने के बाद बांग्लादेश ने भारत के साथ अपने रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है. बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि उनका देश भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को नए सिरे से आगे बढ़ाना चाहता है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते आपसी हितों और सीधे द्विपक्षीय संवाद के आधार पर मजबूत किए जाने चाहिए.

कबीर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होने को लेकर चर्चा हुई. बांग्लादेश सरकार ने कहा था कि रहमान को प्रधानमंत्री के तौर पर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण नहीं मिला था. हालांकि भारत की ओर से उन्हें BIMSTEC के अध्यक्ष के तौर पर BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिया गया था. इसके अलावा फरवरी में उन्हें अलग से द्विपक्षीय निमंत्रण भी भेजे जाने की बात सामने आई है.

भारत के साथ ‘नए रिश्ते’ की बात

BRICS सम्मेलन के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत में हुमायूं कबीर ने कहा कि बांग्लादेश भारत के साथ अपने संबंधों को नए सिरे से शुरू करना चाहता है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच नए रिश्ते की नींव द्विपक्षीय बातचीत के जरिए रखी जानी चाहिए, न कि केवल बहुपक्षीय मंचों के माध्यम से.

उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश को भारत के साथ अपने संबंधों को लेकर संतुलित नजरिया अपनाना होगा. कबीर के मुताबिक भारत बांग्लादेश का एक महत्वपूर्ण पड़ोसी है, लेकिन ढाका को उसके साथ अपने रिश्तों को दूसरे देशों के साथ संबंधों के व्यापक ढांचे के हिस्से के तौर पर देखना चाहिए.

‘हर वक्त भारत पर ध्यान नहीं दे सकते’

बांग्लादेशी मंत्री ने भारत के साथ संबंधों को लेकर अपने देश की नीति पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश को भारत पर जरूरत से ज्यादा ध्यान केंद्रित करने की मानसिकता से बाहर निकलना होगा.

उन्होंने इसे समझाने के लिए कहा, भारत में नाश्ता, भारत में लंच, भारत में डिनर-तो फिर आप अपना खाना कब खाएंगे? उनके इस बयान का मतलब था कि बांग्लादेश को अपने राष्ट्रीय हितों और घरेलू मुद्दों पर भी उतना ही ध्यान देना चाहिए.

कबीर ने कहा कि भारत के साथ अच्छे द्विपक्षीय संबंध बांग्लादेश के हित में हैं, लेकिन इसके लिए दोनों देशों के बीच आपसी हितों और समानता के आधार पर बातचीत जरूरी है.

शेख हसीना के भारत आने के बाद बढ़ा तनाव

भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में पिछले कुछ समय से तनाव देखने को मिला है. अगस्त 2024 में बांग्लादेश में बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत आ गई थीं. भारत में उनके रहने को लेकर ढाका और नई दिल्ली के बीच मतभेद सामने आते रहे हैं.

ये भी पढ़ें- IAS का ऑफर ठुकराया, UPSC में 15वीं रैंक पाई! जानिए कौन है BRICS समिट में नजर आया शख्स?

इसी पृष्ठभूमि में बांग्लादेश की ओर से भारत के साथ संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने की बात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हालांकि दोनों देशों के बीच कई मुद्दे अब भी बातचीत और कूटनीतिक स्तर पर चर्चा का विषय हैं.

UNGA में शामिल होंगे तारिक रहमान

हुमायूं कबीर ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान 21 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क जाएंगे और 26 सितंबर तक वहां रहेंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी संभावित मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर कबीर ने कहा कि इस तरह की उच्चस्तरीय बैठकें अक्सर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों के दौरान आखिरी समय में तय होती हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read