Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

पीएम मोदी ने ‘डियर फ्रेंड’ लूला को ब्राजील का राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील राष्ट्रपति चुनाव में शानदार जीत हासिल करने पर लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को बधाई दी है. पीएम ने उन्होंने अपना ‘डियर फ्रेंड’ बताते हुए उम्मीद जताई की दोनों देश मिलकर ‘ग्लोबल साउथ’ की उन्नति के लिए मिलकर काम करेंगे.

ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है. पीएम मोदी ने लूला को अपना प्रिय मित्र बताते हुए कहा कि भारत और ब्राजील मिलकर दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए काम करेंगे. उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि दोनों देश ग्लोबल साउथ के साझा हितों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर क्या कहा?

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए लूला को उनकी जीत की बधाई दी. उन्होंने भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की इच्छा जताई.

पीएम मोदी के मुताबिक, दोनों देश तकनीक समेत कई अहम क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ एक ऐसी दुनिया बनाने की दिशा में काम करेंगे, जहां सभी देशों को समान अवसर मिलें. उन्होंने समावेशी विकास, न्याय और टिकाऊ भविष्य के लिए मिलकर प्रयास करने पर भी जोर दिया.

भारत और ब्राजील के बीच संबंधों को मजबूत बनाने की कोशिश पहले भी होती रही है. फरवरी 2026 में राष्ट्रपति लूला भारत दौरे पर आए थे. इस दौरान नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बातचीत हुई थी.

बैठक में दोनों नेताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और कृषि जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी. इसके अलावा, विकासशील देशों के साझा हितों और ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को लेकर भी दोनों पक्षों ने अपनी प्रतिबद्धता जताई थी.

पहले दौर में पीछे थे लूला, दूसरे में पलट दी बाजी

ब्राजील में रविवार को राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे और अंतिम दौर की वोटिंग हुई. शुरुआती चरण में फ्लावियो बोल्सोनारो से पीछे रहने के बावजूद 80 वर्षीय लूला दा सिल्वा ने अंतिम दौर में जीत दर्ज की.

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 99.89 प्रतिशत वोटों की गिनती पूरी होने तक लूला को 51.78 प्रतिशत वैध वोट मिले, जबकि लिबरल पार्टी के उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो को 48.23 प्रतिशत वोट हासिल हुए. फ्लावियो, ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे हैं.

इस चुनाव में लूला की जीत इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि 1989 में ब्राजील में सीधे राष्ट्रपति चुनाव की शुरुआत के बाद यह पहली बार बताया गया कि पहले दौर में दूसरे स्थान पर रहने वाला उम्मीदवार अंतिम दौर में जीतकर राष्ट्रपति पद तक पहुंचा.

जनवरी 2027 में चौथी बार राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे लूला

चुनाव में जीत के बाद लूला दा सिल्वा 5 जनवरी 2027 को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे. यह चौथी बार होगा, जब वह ब्राजील के राष्ट्रपति बनेंगे. इससे पहले 2022 के चुनाव में भी लूला ने जायर बोल्सोनारो को हराया था. उस चुनाव के दूसरे दौर में लूला को 50.90 प्रतिशत, जबकि बोल्सोनारो को 49.10 प्रतिशत वोट मिले थे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026