Bharat Express DD Free Dish

कैलिफोर्निया में दिवाली पर अब राजकीय अवकाश, भारतीय समुदाय में खुशी की लहर

कैलिफोर्निया अमेरिका का तीसरा राज्य बन गया है जिसने दिवाली को राजकीय अवकाश घोषित किया है. गवर्नर गेविन न्यूसम ने विधानसभा सदस्य ऐश कालरा के विधेयक पर हस्ताक्षर किए.

California Diwali Holiday

California Diwali Holiday: भारतीय प्रवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य ने दिवाली को आधिकारिक राजकीय अवकाश घोषित कर दिया है. यह फैसला भारतीय संस्कृति और समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है. कैलिफोर्निया अब अमेरिका का तीसरा राज्य बन गया है जिसने दिवाली को सरकारी छुट्टी के रूप में मान्यता दी है.

‘एबी 268’ नामक विधेयक पर हस्ताक्षर

कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने विधानसभा सदस्य ऐश कालरा द्वारा पेश किए गए ‘एबी 268’ नामक विधेयक पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. यह विधेयक सितंबर में राज्य की विधानसभा और सीनेट से पास हो चुका था. ऐश कालरा ने कहा कि कैलिफोर्निया में भारतीय अमेरिकियों की सबसे बड़ी आबादी रहती है और दिवाली को राजकीय अवकाश घोषित करने से उन लाखों लोगों को सम्मान मिलेगा जो इसे बड़े उत्साह से मनाते हैं.

उन्होंने यह भी कहा कि दिवाली सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि यह सद्भावना और शांति का प्रतीक है. यह समुदायों को जोड़ने का काम करता है और विविधता को अपनाने का संदेश देता है. अब कैलिफोर्निया भी इस रोशनी के पर्व को खुले दिल से स्वीकार कर रहा है.

पहले भी राजकीय अवकाश घोषित

इससे पहले पेंसिल्वेनिया ने अक्टूबर 2024 में दिवाली को राजकीय अवकाश घोषित किया था और उसके बाद कनेक्टिकट ने भी इस साल यह कदम उठाया. न्यूयॉर्क सिटी में भी दिवाली के दिन सरकारी स्कूलों में छुट्टी दी जाती है.

भारतीय अमेरिकी समुदाय में खुशी की लहर

कैलिफोर्निया में दिवाली को लेकर यह फैसला आते ही भारतीय अमेरिकी समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई है. प्रमुख प्रवासी संगठन ‘इंडियास्पोरा’ ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम न सिर्फ दिवाली की चमक को दर्शाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि भारतीय समुदाय ने अमेरिका में अपनी मजबूत पहचान बनाई है.

इसे भी पढ़ें-पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर कहर! झूठे ईशनिंदा केस में फंसे पादरी जफर भट्टी की जेल से निकलने के बाद मौत, मानवाधिकार रिपोर्ट में हुआ भयंकर खुलासा

‘इंडियास्पोरा’ के संस्थापक ने क्या कहा?

‘इंडियास्पोरा’ के संस्थापक एमआर रंगास्वामी ने कहा कि यह फैसला उन पीढ़ियों को सम्मान देता है जिन्होंने कैलिफोर्निया की तरक्की में योगदान दिया है. यह एक ऐसा पल है जो भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर और मजबूती से स्थापित करता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read