China earthquake: चीन के नॉर्थ-वेस्ट क्षेत्र के किंघाई प्रांत में मंगलवार को महज 40 मिनट के भीतर 8 बार भूकंप आया. इनमें सबसे तेज झटके की तीव्रता 6.3 दर्ज की गई. भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताया गया. लगातार झटकों के बाद प्रशासन ने तुरंत इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया और राहत-बचाव टीमों को प्रभावित इलाकों में भेजा गया.
पहला झटका और केंद्र
स्थानीय मीडिया के मुताबिक पहला झटका शाम 6:40 बजे महसूस किया गया. भूकंप का केंद्र प्रांत की राजधानी शियांग से लगभग 567 किलोमीटर दूर था.
जान-माल का नुकसान
शुरुआती जानकारी में एक व्यक्ति की मौत और चार लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है. सरकार ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया. सुरक्षा को देखते हुए आसपास के कोयला खदानों से मजदूरों को बाहर बुला लिया गया.
राहत और बचाव
रिपोर्ट्स के अनुसार घटनास्थल पर दो विशेष वाहन और दस कर्मियों को भेजा गया है. प्रशासन ने कहा कि हताहतों की संख्या के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.
किंघाई प्रांत की स्थिति
किंघाई प्रांत तिब्बती पठार के किनारे स्थित है और भूवैज्ञानिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है. भारतीय और यूरेशियन प्लेटों के टकराव के कारण यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं. हालांकि, इतने कम समय में आठ झटके लगना असामान्य है और इससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.
जापान में भी भूकंप
इधर, जापान के इबाराकी प्रांत में भी भूकंप आया. इसकी तीव्रता 5.5 दर्ज की गई. जापान मौसम केंद्र के अनुसार झटका शाम 7:46 बजे महसूस किया गया और इसका केंद्र जमीन से करीब 50 किलोमीटर नीचे था.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

