Bharat Express DD Free Dish

ट्रंप बोले- ‘थैंक्यू इंडिया’, अमेरिका की आजादी के 250 साल पर भारत ने दिया ‘हैदराबादी सरप्राइज’

Donald Trump Avenue Hyderabad: अमेरिका की आजादी के 250 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हैदराबाद में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखा गया. ट्रंप ने भारत का धन्यवाद किया.

Donald Trump Avenue Hyderabad

Donald Trump Avenue Hyderabad: मंगलवार (26 जून) को हैदराबाद स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास की सड़क का आधिकारिक तौर पर नाम बदलकर ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखा गया. इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने भारत के इस कदम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने क्या कहा?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हैदराबाद में उनके नाम पर सड़क का नाम रखे जाने पर भारत का धन्यवाद किया है. उन्होंने शुक्रवार (27 जून) को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर खुशी जताई और कहा कि वह ऐसे सम्मान पाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं. ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, “भारत के हैदराबाद में नया ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’. इस तरह सम्मानित होने वाला मैं पहला अमेरिकी राष्ट्रपति हूं. थैंक यू!”

अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे

अमेरिका की आजादी के 250 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘फ्रीडम 250’ समारोह में एक स्मारक पट्टिका का अनावरण किया गया. इस मौके पर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने संयुक्त रूप से पट्टिका का उद्घाटन किया. कार्यक्रम में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, हैदराबाद में अमेरिकी महावाणिज्य दूत लॉरा विलियम्स और सरकार, उद्योग, रक्षा, एयरोस्पेस व टेक्नोलॉजी क्षेत्र के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए.

सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ क्यों?

तेलंगाना सरकार के अनुसार, अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास स्थित सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखना भारत और अमेरिका के मजबूत होते रिश्तों का प्रतीक है. सरकार का कहना है कि हैदराबाद वैश्विक स्तर पर तेजी से अपनी पहचान बना रहा है और यह फैसला दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को सम्मान देने के लिए लिया गया है.


ये भी पढ़ें: टूट गया सीजफायर? होर्मुज में हुए अटैक पर अमेरिका का घातक पलटवार, मिसाइलें दागकर बोले जेडी वेंस-‘हिंसा का जवाब हिंसा से’


अमेरिकी राजदूत ने क्या कहा?

समारोह में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका की साझेदारी सबसे अधिक हैदराबाद में नजर आती है. उन्होंने बताया कि हाईटेक, एयरोस्पेस और रक्षा जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों का सहयोग लगातार बढ़ रहा है. गोर ने यह भी कहा कि अंतरिम व्यापार समझौते और ‘मिशन इंडिया’ के तहत अमेरिका में 20 अरब डॉलर से अधिक के नए निवेश की दिशा में काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा, “अमेरिका फर्स्ट का मतलब अमेरिका अकेला नहीं है.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read