Bharat Express DD Free Dish

यूटा में चार्ली किर्क की हत्या के बाद डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला, ‘एंटीफा’ को ‘प्रमुख आतंकवादी संगठन’ किया घोषित

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एंटीफा को बड़ा झटका दिया. चार्ली किर्क की हत्या के बाद ट्रंप ने इस वामपंथी संगठन को प्रमुख आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया. जानें क्या है पूरा मामला.

Donald Trump Antifa

Donald Trump Antifa: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को बड़ा फैसला लिया. उन्होंने वामपंथी संगठन एंटीफा को आधिकारिक रूप से एक प्रमुख आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया. यह कदम उनके करीबी सहयोगी और दक्षिणपंथी कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या के कुछ दिनों बाद उठाया गया.

सोशल मीडिया पर ट्रंप की घोषणा

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “मुझे गर्व है कि मैं एंटीफा जैसे खतरनाक और कट्टरपंथी संगठन को आतंकवादी घोषित कर रहा हूँ. मैं यह भी सिफारिश करता हूँ कि इस संगठन को आर्थिक मदद देने वालों की गहन जांच की जाए.” हालाँकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस संगठन को आतंकवादी मानने के लिए कौन से मानदंड तय किए जाएंगे.

क्यों है विवाद?

विशेषज्ञों के अनुसार, एंटीफा का कोई केंद्रीकृत ढांचा या स्थायी नेतृत्व नहीं है. इसके बावजूद ट्रंप लगातार इसे देश में बढ़ती राजनीतिक हिंसा का जिम्मेदार मानते रहे हैं.

ये भी पढ़ें: सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच रक्षा समझौता, अब एक देश पर हमला माना जाएगा दूसरे पर अटैक

चार्ली किर्क की हत्या के बाद बढ़ा दबाव

पिछले हफ्ते रूढ़िवादी टिप्पणीकार चार्ली किर्क की यूटा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के समय वह यूनिवर्सिटी ऑफ यूटा वैली में भाषण दे रहे थे. गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

आरोपी पर कड़ी कार्रवाई

इस मामले में अभियोजकों ने आरोपी टायलर रॉबिन्सन पर हत्या समेत सात गंभीर आरोप लगाए हैं. अभियोजन पक्ष ने कहा है कि वे इस मामले में मौत की सजा की मांग करेंगे. जांच में सामने आया है कि रॉबिन्सन पिछले एक साल से राजनीतिक रूप से अधिक सक्रिय हो गया था. वह समलैंगिक और ट्रांसजेंडर अधिकारों के समर्थन में भी आगे बढ़ रहा था. उसकी मां के मुताबिक, उसने हाल ही में अपने रूममेट से रिश्ता भी शुरू किया था, जो महिला बनने की प्रक्रिया में था.

ट्रंप का आरोप

फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “दक्षिणपंथी कट्टरपंथी अपराध रोकने के लिए खड़े होते हैं. लेकिन असली समस्या वामपंथी कट्टरपंथियों से है. वे हिंसक, चालाक और बेहद खतरनाक हैं.”

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read