डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान का साथ देने वाले दूसरे देशों को भी चेतावनी दी
Donald Trump Warning to Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर अपना रुख और सख्त करते हुए दुनिया के दूसरे देशों को भी सीधी चेतावनी दी है. ट्रंप ने कहा है कि अगर कोई देश ईरान को आर्थिक मदद देता है या उसके साथ व्यापारिक और वित्तीय गतिविधियों को जारी रखता है, तो उसे अमेरिका की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. उनका कहना है कि ईरान तक पहुंचने वाले आर्थिक रास्तों को बंद करने के लिए अमेरिका अब बड़े स्तर पर अभियान शुरू करने की तैयारी में है.
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए यह चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि ईरान की मदद करने वाला कोई भी देश, कंपनी या संस्था अमेरिकी कार्रवाई से बच नहीं पाएगी. हालांकि, उन्होंने किसी देश का नाम लेकर निशाना नहीं साधा और यह भी स्पष्ट नहीं किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ किस तरह के प्रतिबंध लगाए जाएंगे.
तेल से लेकर बैंकिंग तक नजर
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान की मदद के कई संभावित रास्तों का जिक्र किया. इनमें तेल की तस्करी, वित्तीय लेनदेन, नकद रकम का ट्रांसफर, एक्सचेंज हाउस और जहाजों के रजिस्ट्रेशन जैसी गतिविधियां शामिल हैं. इसके अलावा दूसरी कंपनियों के नाम पर ईरान के साथ कारोबार करने वालों पर भी अमेरिका की नजर रहने की बात कही गई है.
ट्रंप का संदेश साफ है कि ईरान के लिए पैसा, सामान या कारोबार का रास्ता खोलने वाली किसी भी व्यवस्था को बख्शा नहीं जाएगा. यानी अमेरिका अब सिर्फ ईरान पर ही नहीं, बल्कि उसके साथ आर्थिक संबंध रखने वाले नेटवर्क पर भी दबाव बढ़ाने की तैयारी में है.
समझौते के कई मौके दिए: ट्रंप
ट्रंप ने दावा किया कि उनके प्रशासन ने ईरान को समझौते के लिए कई मौके दिए, लेकिन तेहरान ने उन्हें स्वीकार नहीं किया. इसके बाद अब अमेरिका आर्थिक दबाव को और तेज करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. ट्रंप ने इसे ईरान को अंतरराष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था से अलग-थलग करने की बड़ी मुहिम बताया है. उन्होंने अमेरिकी सहयोगी देशों से भी ईरान के खिलाफ इस अभियान में साथ देने की अपील की. ट्रंप का कहना है कि ईरान की अर्थव्यवस्था पहले से दबाव में है और नए अमेरिकी कदमों से उसकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.
ये भी पढ़ें: ट्रंप से रूठे अमेरिकी! अप्रूवल रेटिंग गिरकर 33% पहुंची, क्या ईरान जंग ने बढ़ाई टेंशन?
ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं देगा. हालांकि, उनकी ताजा चेतावनी के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि अमेरिका आगे किन देशों, कंपनियों या वित्तीय संस्थानों पर कार्रवाई करता है. फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन ट्रंप के बयान से साफ है कि ईरान पर आर्थिक दबाव आने वाले समय में और बढ़ने वाला है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


