Donald Trump
Donald Trump news: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर देश में लोगों की नाराजगी बढ़ती दिख रही है. रॉयटर्स/इप्सोस के ताजा सर्वे में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग गिरकर 33% रह गई है. यह उनके मौजूदा कार्यकाल की अब तक की सबसे कम रेटिंग बताई जा रही है. यानी करीब दो-तिहाई अमेरिकी उनके कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं.
कुछ दिन में गिरी रेटिंग
चार दिन तक चले इस सर्वे में शामिल 33% लोगों ने कहा कि वे राष्ट्रपति के तौर पर ट्रंप के काम से संतुष्ट हैं, जबकि 67% लोगों ने उनके प्रदर्शन को नापसंद किया. खास बात यह है कि इसी महीने की शुरुआत में हुए रॉयटर्स/इप्सोस पोल में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 35% थी. कुछ ही समय में इसमें दो अंकों की गिरावट दर्ज की गई है.
ईरान के साथ जंग बना सबसे बड़ा कारण
सर्वे के नतीजों में ट्रंप के लिए सबसे बड़ी चिंता ईरान के साथ बढ़ता तनाव नजर आता है. बड़ी संख्या में अमेरिकी इस बात को लेकर परेशान हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव कहीं लंबा न खिंच जाए. ट्रंप ने चुनाव प्रचार के दौरान महंगाई कम करने और अमेरिका को लंबे युद्धों से दूर रखने का भरोसा दिया था. ऐसे में मौजूदा हालात उनके लिए राजनीतिक तौर पर मुश्किल पैदा कर रहे हैं.
ट्रंप की लोकप्रियता को सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब उन्होंने इजरायल के साथ मिलकर ईरान पर सैन्य कार्रवाई का आदेश दिया. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पहले से चला आ रहा था, लेकिन सैन्य कार्रवाई के बाद स्थिति और गंभीर हो गई. दोनों देशों के बीच अब तक किसी ठोस समझौते पर सहमति नहीं बन पाई है.
वैश्विक तेल बजार का भी असर
इस तनाव का असर सिर्फ अमेरिका की राजनीति तक सीमित नहीं रहा. दोनों देशों के बीच टकराव बढ़ने से वैश्विक तेल कारोबार भी प्रभावित हुआ. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल की आवाजाही पर असर पड़ा, जिससे दुनिया के कई हिस्सों में ईंधन की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ी. इसका सीधा असर अमेरिकी परिवारों के बजट पर भी पड़ा.
ये भी पढ़ें: ‘अमेरिकी सैनिक मारो, 60000 डॉलर लेलो’; क्या है ईरान का जंग जीतने का तगड़ा प्लान प्लान?
ट्रंप के दावे भी झूठे?
ट्रंप ने शुरुआत में दावा किया था कि ईरान के साथ टकराव कुछ हफ्तों में खत्म हो सकता है. लेकिन हालात उम्मीद के मुताबिक जल्दी सामान्य नहीं हुए. फिलहाल तनाव में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन तेल आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. ऐसे माहौल में ट्रंप के सामने जनता का भरोसा बनाए रखने की बड़ी चुनौती है. 33% की अप्रूवल रेटिंग उनके लिए साफ संकेत है कि अमेरिकी मतदाताओं का एक बड़ा वर्ग उनकी नीतियों और फैसलों से खुश नहीं है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




