नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप.
Donald Trump Oath Ceremony: अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज (20 जनवरी) 47वें राष्ट्रपति के रूप में पद की शपथ लेंगे. उनके साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शपथ लेंगे. ट्रंप को अमेरिका के चीफ जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स शपथ दिलाएंगे. डोनाल्ड ट्रंप इस दौरान दो बाइबिल पर हाथ रखकर पद की गोपनीयता की शपथ लेंगे. ट्रंप अमेरिकी संसद कैपिटल हिल में करीब 700 मेहमानों की मौजूदगी में शपथ ग्रहण करेंगे.
शामिल होंगे दिग्गज कारोबारी
उनके इस शपथ समारोह में दुनिया के तमाम दिग्गज कारोबारी और नामचीन हस्तियां शामिल होंगी, जिसमें रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी, अरबपति कारोबारी एलन मस्क के साथ-साथ अमेजॉन के सीईओ जेफ बेजोस, मेटा सीईओ मार्क जकरबर्ग और टिकटॉक के प्रमुख शाउ जी च्यू का नाम शामिल है.
ये नेता करेंगे समारोह में शिरकत
इसके अलावा भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी, चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई, हंगरी के पीएम विक्टर ओर्बान, ब्रिटेन की दक्षिणपंथी पार्टी रिफॉर्म पार्टी के नेता नाइजल फराज, पोलैंड के पूर्व पीएम माटेउज मोराविक के साथ ही अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन, बराक ओबामा और जॉर्ज डब्ल्यू बुश ट्रंप के शपथ समारोह में शामिल होंगे.
दो बाइबिल पर हाथ रखकर लेंगे शपथ
डोनाल्ड ट्रंप जिन दो बाइबिल पर हाथ रखकर शपथ लेंगे, उसमें से एक उनकी मां ने उन्हें 1955 में दी थी, जबकि दूसरी अब्राहम लिंकन की बाइबिल होगी, जिसपर पूर्व राष्ट्रपति लिंकन ने 1861 में हाथ रखकर शपथ ली थी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


