Israel Iran Conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान अगले चार हफ्ते तक चल सकता है. उन्होंने बताया कि यह हमेशा से चार सप्ताह की प्रक्रिया रही है और अनुमान है कि यह इससे कम समय में भी खत्म हो सकता है. ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका सेना योजना से आगे बढ़ रही है और कई अहम लक्ष्य पहले ही ध्वस्त किए जा चुके हैं.
अमेरिकी सैनिकों की शहादत पर दुख
राष्ट्रपति ट्रंप ने युद्ध में जान गंवाने वाले तीन अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने उन्हें महान बताया और कहा कि उनके दूसरे कार्यकाल में यह पहली जनहानि है. ट्रंप ने स्वीकार किया कि ऐसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है और मृतक सैनिकों के परिवारों से संपर्क किया गया है. उन्होंने कहा कि उचित समय पर वे खुद परिवारों से मुलाकात करेंगे.
ईरान से बातचीत की संभावना
ट्रंप ने कहा कि भविष्य में ईरान से बातचीत संभव है. उन्होंने कहा कि ईरानी पक्ष बातचीत करना चाहता है लेकिन यह कोशिश उन्हें पहले करनी चाहिए थी. फिलहाल वे जनरलों के साथ बैठक कर रहे हैं और अभियान की ताजा जानकारी ले रहे हैं.
सऊदी और अन्य देशों की भूमिका
ट्रंप ने बताया कि सऊदी अरब भी इस संघर्ष में शामिल हो रहा है क्योंकि उसे भी निशाना बनाया गया था. उन्होंने बहरीन, कतर और जॉर्डन जैसे देशों के नेताओं से चर्चा की है. ट्रंप ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान में लोकतंत्र की संभावना बढ़ सकती है.
ये भी पढ़ें-यूएई राष्ट्रपति से पीएम मोदी की बातचीत, खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर भारत ने जताई चिंता
राष्ट्रपति ट्रंप का बयान साफ करता है कि अमेरिका का सैन्य अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है और आने वाले हफ्तों तक जारी रह सकता है. उन्होंने सैनिकों की शहादत पर दुख जताते हुए कहा कि यह संघर्ष योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहा है. साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में ईरान से बातचीत के दरवाजे खुले रहेंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




