Donald Trump UNGA Speech: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दुनिया की 7 जंगों को रुकवाने का क्रेडिट लिया. संबोधन में उन्होंने ऑपरेशन मिडनाइट हैमर को सही और फिलिस्तीन को मान्यता दिए जाने को गलत करार दिया.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने 7 जंग रुकवाईं. उन्होंने कंबोडिया और थाईलैंड, कोसोवो और सर्बिया, कांगो और रवांडा, पाकिस्तान और भारत, इजराइल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, आर्मेनिया और अजरबैजान जंग को खत्म कराया. ट्रंप ने कहा कि हर कोई कहता है कि मुझे इन कामयाबियों के लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए, लेकिन मेरे लिए, असली पुरस्कार यह है कि लाखों लोग अब जंग में नहीं मारे जा रहे हैं. ट्रंप ने आगे कहा कि मुझे इनाम की नहीं, बल्कि जान बचाने की परवाह है.
UNGA में ट्रंप गिनाते रहे अपनी उपलब्धियां
डोनाल्ड ट्रंप ने भाषण की शुरुआत अपने कार्यकाल के पहले आठ महीनों की सबसे बड़ी उपलब्धियों से की. उन्होंने कई कारण गिनाए कि क्यों उन्हें लगता है कि अमेरिका अपने “स्वर्णिम युग” में है. ट्रंप ने अपनी विदेश नीति से जुड़े किसी भी काम में मदद न करने के लिए संगठन की आलोचना की.
अपने दूसरे कार्यकाल में पहली बार संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित कर रहे हैं. इससे पहले उन्होंने 2020 में आखिरी बार राष्ट्रपति रहते संबोधित किया था.
ईरान पर हमले को लेकर भी बोले ट्रंप
ईरान के 12 दिनी युद्ध का जिक्र करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा
वहां हमने ‘ऑपरेशन मिडनाइट हैमर’ के जरिए ईरानी परमाणु संयंत्रों को तबाह कर दिया. मेरा मानना है कि किसी भी खतरनाक देश के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए. ये भी कहना चाहूंगा कि जैसे हमने किया वैसे कोई और नहीं कर सकता था.
फिलिस्तीन को मान्यता देने का मतलब हमास को इनाम
फिलिस्तीन को मान्यता देने वाले देशों को निशाने पर लेते हुए ट्रंप ने कहा कि कुछ लोग एकतरफा तरीके से फिलिस्तीन को मान्यता देना चाह रहे हैं. लेकिन ऐसा करने का मतलब हमास को इनाम देना होगा. हमास ने बार-बार शांति की कोशिशों को ठुकराया है. हमें बंधकों को वापस लाना होगा. हम सभी 20 को वापस चाहते हैं. हम दो और चार नहीं चाहते.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी से सीखना चाहिए विषम परिस्थितियों में कैसे करें राष्ट्र सेवा- मनोज मुंतशिर
रूस-यूक्रेन युद्ध नहीं बंद हुआ तो लगायेंगे भारी टैरिफ
वहीं, रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर कहा कि अगर रूस यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार नहीं होता है, तो वे भारी टैरिफ लगाएंगे. ट्रंप आगे बोले कि अगर रूस युद्ध समाप्त करने के लिए कोई समझौता करने को तैयार नहीं होता है, तो अमेरिका कड़े टैरिफ लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है.
इस दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय देशों को भी कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि यूरोपीय देशों को भी ऐसे ही उपाय अपनाकर अमेरिका से जुड़ना चाहिए.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


