X Money Launch: एलन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स को सुपर ऐप बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने ‘X Money’ नाम से नई डिजिटल पेमेंट और बैंकिंग सर्विस शुरू की है. इस सर्विस के जरिए यूजर्स पैसे ट्रांसफर करने, बिल भरने, वीजा डेबिट कार्ड इस्तेमाल करने और रोजमर्रा की बैंकिंग सुविधाओं का लाभ सीधे एक्स ऐप पर उठा सकेंगे. फिलहाल यह सेवा अमेरिका में एक्स प्रीमियम और प्रीमियम प्लस सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है.
क्या है X Money?
X Money दरअसल एक्स ऐप के भीतर मौजूद डिजिटल बैंकिंग और पेमेंट प्लेटफॉर्म है. इसका मकसद सोशल नेटवर्किंग, पेमेंट और बैंकिंग को एक ही जगह पर जोड़ना है. इसमें यूजर्स को डिपॉजिट अकाउंट, पीयर-टू-पीयर पेमेंट, डायरेक्ट डिपॉजिट और वीजा डेबिट कार्ड जैसी सुविधाएं मिलेंगी. खास बात यह है कि यूजर्स बिना किसी ट्रांसफर फीस के दूसरे एक्स यूजर्स को पैसे भेज सकेंगे.
साथ ही बिल पेमेंट, वायर ट्रांसफर और फिजिकल चेक भेजने जैसी सेवाएं भी इसी प्लेटफॉर्म पर होंगी. कंपनी का दावा है कि मेटल फिनिश वाले वीजा डेबिट कार्ड पर यूजर का एक्स हैंडल भी होगा. इसके अलावा 3% कैशबैक और जमा राशि पर सालाना 6% तक ब्याज मिलने का वादा किया गया है.
सुरक्षा और काम करने का तरीका
X Money खुद बैंक के रूप में काम नहीं करता. यूजर्स की जमा राशि न्यू जर्सी स्थित क्रॉस रिवर बैंक में रखी जाएगी, जो एफडीआईसी के तहत आती है. यानी पात्र जमा राशि पर प्रति जमाकर्ता 2,50,000 डॉलर तक का बीमा मिलेगा. एक्स कैश स्वीप प्रोग्राम के जरिए ग्राहकों की राशि को अलग-अलग पार्टनर बैंकों में बांटा जाएगा.
तेज ट्रांसफर के लिए इसमें वीजा डायरेक्ट तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. सुरक्षा के लिए पासवर्ड की जगह पासकी सपोर्ट दिया गया है, जिससे फिंगरप्रिंट, फेस रिकग्निशन या डिवाइस पिन से लॉगिन किया जा सकेगा. इसके अलावा ट्रांजैक्शन लिमिट और चुनिंदा पेमेंट के लिए वेरिफिकेशन जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं.
ये भी पढ़ें-पाकिस्तान चुनाव में धांधली? PML-N ने 13 में से 9 सीटें जीतीं, PPP ने उठाए सवाल
भारत में कब आएगा?
फिलहाल X Money केवल अमेरिका में लॉन्च किया गया है. भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. हालांकि एलन मस्क ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में इसे अन्य देशों में भी लाया जाएगा. अगर भारत में यह सेवा शुरू होती है, तो इसका मुकाबला गूगल पे, फोनपे, व्हाट्सएप पेमेंट्स और अन्य डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म से होगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




