Bharat Express DD Free Dish

Fact Check: फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों को उनकी पत्नी ने मारा थप्पड़? देखें वायरल क्लिप

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को उनकी पत्नी ने थप्पड़ मारा. जानिए वायरल क्लिप की सच्चाई.

Emmanuel Macron

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (Emmanuel Macron) और उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हैरानी में डाल दिया है. यह वीडियो उस वक्त का बताया जा रहा है जब राष्ट्रपति मैक्रों वियतनाम की यात्रा पर पहुंचे थे, जो उनके दक्षिण-पूर्व एशिया दौरे की पहली कड़ी है.

वीडियो में देखा गया कि जैसे ही विमान का दरवाजा खुला, मैक्रों मुस्कराते हुए बाहर आते हैं. तभी अचानक एक महिला के हाथ सामने से आकर उनके चेहरे को छूते हुए उसे हल्के से धक्का देते हैं. यह सब कुछ इतनी तेजी से होता है कि मैक्रों थोड़ी देर के लिए चौंक जाते हैं, लेकिन तुरंत खुद को संभालते हैं और बाहर की ओर हाथ हिलाते हैं.

वीडियो में महिला का चेहरा नजर नहीं आता, लेकिन सोशल मीडिया और कई रिपोर्टों में दावा किया गया कि वह उनकी पत्नी ब्रिजिट थीं, जो उस समय विमान के दरवाजे के किनारे खड़ी थीं और उनका चेहरा विमान के ढांचे से ढका हुआ था.

इसके बाद जब राष्ट्रपति और उनकी पत्नी विमान की सीढ़ियों से नीचे उतरने लगे, तो मैक्रों ने ब्रिजिट की ओर हाथ बढ़ाया, जिसे उन्होंने नजरअंदाज कर दिया. इस पूरे घटनाक्रम ने लोगों को हैरान कर दिया और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कुछ लोग इसे मजाकिया अंदाज में ले रहे हैं, तो कुछ ने इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए.

मैक्रों ने मामले पर दी सफाई

शुरुआत में फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय (एलिजे पैलेस) ने वीडियो की सच्चाई पर सवाल उठाया था, लेकिन बाद में इसे असली मान लिया गया. हालांकि, राष्ट्रपति मैक्रों और उनके अधिकारियों ने इस पूरे वाकये को हल्के-फुल्के मजाक का हिस्सा बताया.

मैक्रों ने पत्रकारों से कहा, “हम एक-दूसरे के साथ मस्ती कर रहे थे. यह सब कुछ बहुत बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया गया है, जैसे कोई वैश्विक आपदा हो गई हो.”

उनके कार्यालय की ओर से भी एक बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया, “दौरे की शुरुआत से पहले का वह एक हल्का पल था, जब दोनों एक-दूसरे के साथ थोड़ी मस्ती कर रहे थे. लेकिन इस छोटी-सी बात को भी साजिश के समर्थकों ने हथियार बना लिया.”

राष्ट्रपति के करीबी एक अधिकारी ने भी कहा कि यह “एक आत्मीय क्षण” था जिसे गलत ढंग से पेश किया गया. उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर इस वीडियो को बढ़ावा देने वाले अधिकतर अकाउंट प्रॉ-रशियन (रूस समर्थक) थे.

दक्षिण-पूर्व एशिया की अहम यात्रा पर हैं मैक्रों

गौरतलब है कि राष्ट्रपति मैक्रों दक्षिण-पूर्व एशिया के दौरे पर हैं, जहां वे फ्रांस को अमेरिका और चीन के प्रभावों के बीच एक वैकल्पिक ताकत के रूप में प्रस्तुत करना चाहते हैं. वियतनाम के बाद उनका दौरा इंडोनेशिया और सिंगापुर तक जाएगा.

ये भी पढ़ें- गुयाना के उपराष्ट्रपति भरत जगदेव बोले, हमारा देश पूरी तरह से भारत के साथ खड़ा है, Shashi Tharoor के नेतृत्व में डेलिगेशन ने की मुलाकात

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read