Nepal Floods: पिछले कुछ दिनों में लगातार हो रही भारी बारिश ने पड़ोसी देश नेपाल में भयंकर कहर बरपाया है. नेपाल के इलम में भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ और भूस्खलन की वजह से अबतक 18 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं कई निर्माण क्षतिग्रस्त होने की भी खबरें सामने आ रही हैं.
रविवार सुबह तक सूर्योदय नगर पालिका में भूस्खलन की वजह से 5, इलम नगर पालिका में 6 और मंगसेबुंग नगर पालिका में 3 लोगों की मौत हो गई. बाढ़ और बारिश के चलते मची तबाही के ये प्रारंभिक आंकड़े हैं. मृतकों की संख्या बढ़ने का भी अनुमान लगाया जा रहा है. वहीं आपदा के बाद प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है.
मरने वालों की संख्या में हो सकता है इजाफा
इस संबंध में समाचार एजेंसी एएनआई ने एसएसपी पोखरेल के हवाले से बताया कि इस आपदा में मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है. फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है. अभी तक हमारे पास नुकसान और हताहत होने वाले लोगों की प्रारंभिक जानकारी है.
उन्होंने आगे कहा कि प्रभावित इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों को भी लगाया गया है. जिसमें नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के लोग शामिल हैं. मौसम विभाग के द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. नदियां उफान पर हैं. इस प्राकृतिक आपदा से पीड़ित इलाका काठमांडू घाटी के बाढ़ के मैदानों से लोगों को निकालने में सुरक्षा एजेंसियां लगातार लगी हुई हैं.
घर-घर चलाया जा रहा तलाशी अभियान
नेपाल की सुरक्षा एजेंसियां घाटी से गुजरने वाली सभी प्रमुख नदियों के किनारे मौजूद बस्तियों में तलाशी अभियान चला रही हैं. वो घर-घर जाकर लोगों की तलाश कर रही हैं और उन्हें बाहर निकालने में मदद कर रही हैं. लोगों और उनके सामानों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.
जलस्तर बढ़ने की है संभावना
नेपाल के जल एवं मौसम विज्ञान विभाग ने नदियों में जलस्तर बढ़ने का अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि बागमती, मनोहरा, धोबीखोला, हनुमंते, बिष्णुमती, नक्खू और बल्खू नदियों के जलस्तर में इजाफा हुआ है और आगे और भी बढ़ सकता है. अधिकारियों ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बाढ़ सड़क किनारे मौजूद इलाकों तक भी पहुंच सकती है. इसलिए लोग सावधान रहें. सुरक्षा अधिकारी लगातार लोगों से नदियों के किनारे यात्रा करने से बचने की अपील कर रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



