भारतीय कैप्टन पर चाकू से हमला
Flydubai Flight Cockpit Fight: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर ही ऐसी घटना हो गई कि पूरे विमान में हड़कंप मच गया. पायलटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद विमान को सऊदी अरब के एक एयरपोर्ट पर तुरंत उतारना पड़ा. इजरायल ने साफ कर दिया है कि ये मामला विमान हाईजैक का नहीं था. बुधवार को इजरायल की न्यूज वेबसाइट Ynet ने इस पूरी घटना की जानकारी दी.
भारतीय कैप्टन और ओमानी को-पायलट में भिड़ंत
Ynet की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाईदुबई की फ्लाइट के कैप्टन भारतीय मूल के स्मित मछार थे, जिनकी कॉकपिट में अपने को-पायलट के साथ जोरदार हाथापाई हो गई. इस झगड़े की वजह से ही विमान को सऊदी में इमरजेंसी लैंड करवाना पड़ा. इजराइली अधिकारियों के हवाले से वेबसाइट ने बताया कि को-पायलट ओमान का रहने वाला था और उस पर विमान को जानबूझकर क्रैश करने की कोशिश का शक जताया जा रहा है. बताया गया कि भारतीय कैप्टन ने विमान को गिरने से बचाने के लिए उससे जमकर संघर्ष किया और बाद में विमान में मौजूद इजरायली यात्रियों ने भी को-पायलट को पकड़ने में मदद की.
दोनों पायलट घायल, अस्पताल में भर्ती
तबुक एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि इस हाथापाई में दोनों पायलटों को चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. विमान में कुल 180 यात्री सवार थे. दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 ने अचानक इमरजेंसी सिग्नल भेजे और तेजी से नीचे आने लगी, जिसके बाद उसे सऊदी अरब के तबुक की तरफ मोड़ दिया गया. फ्लाईदुबई ने कन्फर्म किया है कि सभी पैसेंजर बिल्कुल सुरक्षित हैं. शुरू में इजरायली अधिकारियों को लगा कि शायद विमान हाईजैक हो गया है, इसलिए उन्होंने फाइटर जेट्स को भी अलर्ट पर लगा दिया था.
जांच चल रही है, अटकलें न लगाएं- एयरलाइन
फ्लाईदुबई ने कहा है कि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि आखिर झगड़े की असली वजह क्या थी और को-पायलट का मकसद क्या था. मामले की ऑफिशियल जांच शुरू हो गई है. एयरलाइन ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी तरह की अफवाह या अटकल न लगाई जाए. कंपनी ने ये भी बताया कि इस घटना का बाकी फ्लाइट्स के शेड्यूल पर कोई असर नहीं पड़ा है और सभी उड़ानें सामान्य रूप से चल रही हैं.
ये भी पढ़ें-पायलट खुद ही प्लेन क्रैश करना चाहता था? सऊदी में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, जानें पूरा मामलाम
पीएम नेतन्याहू ने क्या कहा
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस घटना पर वीडियो बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि विमान में बैठे लगभग सभी लोग इजरायली थे. जब फ्लाइट इजरायल के करीब पहुंच रही थी, तभी एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया और ऐसा लग रहा था कि वो पूरे विमान को यात्रियों समेत क्रैश करना चाहता था.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


